- Hindi News
- अशोक ने 10 हजार में लिए थे 27 हजार के जाली नोट
अशोक ने 10 हजार में लिए थे 27 हजार के जाली नोट
जालीकरंसी का जाल नारनौंद के गांवों में फैला हुआ था। इसका खुलासा शनिवार को कैंट के गेट नंबर दो के सामने से पकड़े गए सिंघवा खास के युवक से पूछताछ के बाद हुआ है। सिंघवा खास के जाली करंसी रखने के आरोपी अशोक ने पुलिस को बताया कि उसने पड़ोस के गांव के ही एक आदमी से दस हजार रुपये में 27 हजार की नकली करंसी ली थी।
27 हजार की जाली करंसी के साथ पकड़े गए आराेपी को एसपी दफ्तर के स्पेशल स्टाफ ने रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस और सेना की खुफिया टीम की संयुक्त कार्रवाई ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस प्रवक्ता चंद्रभान ने बताया कि जाली नोट रखने के मामले में नारनाैंद के गांव सिंघवा खास के अशोक कुमार को एक दिन के पुलिस रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस उससे जाली करेंसी देने वाले के बारे में पूछताछ की।
आरोपी अशोक के पास से पुलिस ने 27 हजार रुपये की जाली करंसी बरामद की थी। जो कि उसने गांव मदनहेड़ी के नरेंद्र से ली थी। अब पुलिस को आरोपी नरेंद्र की तलाश है। अशोक ने बताया था कि उसने 27 हजार रुपये की जाली करंसी के लिए उसने नरेंद्र को 10 हजार रुपये की नकदी दी थी। आरोपी कई दिनों से जाली करंसी को कैंट क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में चलाने की फिराक में था।