- Hindi News
- विवादों के बीच हुडा आवंटित करेगा रिजर्वेशन कोटे के प्लॉट
विवादों के बीच हुडा आवंटित करेगा रिजर्वेशन कोटे के प्लॉट
हुडा(हरियाणा डवलपमेंट ऑथोरिटी) हिसार में आचार संहिता और विवादों के बीच रिजर्वेशन कोटे प्लॉटों का आवंटन होगा। प्रशासनिक अधिकारी हुडा को हो रहे राजस्व घाटे का हवाला देकर प्लॉटों का आवंटन करने की बात कह रहे हैं आैर अपने फैसले को सही बता रहे हैं। जबकि जानकार कहते हैं कि चुनाव के दौरान रिजर्वेशन कोटे के प्लॉटों को आवंटित करने का इस वक्त कोई औचित्य नहीं है। इसलिए मामला चुनाव आयोग और उच्चाधिकारियों के दरबार तक पहुंचने को तैयार है।
हुडा में फिलहाल रिजर्वेशन कोटे के करीब 1100 प्लॉटों का आंवटन होने की तैयारी चल रही है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि सेक्टर-33 में करीब 1970 और सेक्टर 14 पार्ट-टू में करीब 800 प्लॉट आवंटित करने थे। जानकार कहते हैं कि सेक्टर-33 के लिए 30 दिसंबर 2013 को प्लॉटों के ड्रॉ निकाला गया। अगले दिन 31 दिसंबर को सेक्टर-14 पार्ट-टू के प्लॉटों का ड्रॉ हुआ। विभागीय जानकार कहते हैं कि जनरल कैटेगिरी के करीब 1650 प्लॉटों का आवंटन फरवरी और मार्च में हो गया। रिजर्वेशन कोटे के प्लॉटों का आवंटन होने से पूर्व प्लॉट के लिए आवेदन करने वालों से दस्तावेज मांगे गए। जिससे यह तय हो सके कि रिजर्वेशन कोटे के आवेदकों ने इससे पूर्व कभी प्लॉट नहीं पाया है। अब जानकार कहते हैं कि दस्तावेज की जांच कराए बिना प्लॉटों का आवंटन कराना ठीक नहीं है। वहीं, विभागीय अफसर कहते हैं कि आवंटन नियमों के मुताबिक कराया जा रहा है। इसलिए जो लोग आपत्ति जता रहे हैं वह गलत कह रहे हैं।