- Hindi News
- 60 हजार रुपये रिश्वत लेते एक्सईएन गिरफ्तार
60 हजार रुपये रिश्वत लेते एक्सईएन गिरफ्तार
हरियाणाउद्योग विकास निगम के एक एक्सईएन को विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को ठेकेदार से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करेगी। अधिकारी ने निगम के एक ठेकेदार से ठेके की बकाया राशि का भुगतान करवाने की एवज में दस फीसदी हिस्सा मांगा था।
विजिलेंस इंस्पेक्टर भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि पानीपत निवासी अशोक भल्ला को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अशोक भल्ला हरियाणा उद्योग विकास निगम में एक्सईएन है। उन्हें निगम के नरवाना स्थित ऑफिस में एक ठेकेदार से 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सिरसा के गांव कोटली निवासी ओमकार से रिश्वत मांगी थी। ओमकार निगम से ठेके लेकर काम करता है। इंस्पेक्टर भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि करीब 9 महीने पहले ओमकार ने सिरसा में निगम का कोई काम करवाया था। इसी काम के लिए निगम पर 5 लाख 75 हजार रुपये बकाया थे। जब ठेकेदार ओमकार ने एक्सईएन अशोक से भुगतान करवाने के लिए कहा तो आरोपी ने इसके एवज में ठेके की कुल राशि में 10 फीसदी हिस्सा मांगा। इस पर ओमकार ने कहा कि वह उन्हें 10, 20 हजार रुपये दे देगा। इस पर अशोक राजी नहीं हुआ। करीब 9 महीने से परेशान होने के बाद ओमकार ने मामले की शिकायत विजिलेंस को दी। इसके बाद विजिलेंस ने ओमकार को रिश्वत के रुपये लेकर निगम के नरवाना स्थित ऑफिस में भेजा। इस पर जब ओमकार ने अशोक को रिश्वत के 60 हजार रुपये दिए तो विजिलेंस टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में विजिलेंस इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह, एसआई गोपाला राम, सदानंद, एएसआई बलराम, जिले सिंह, हेड कांस्टेबल रामफल, सतपाल, गुरदेव और विनोद कुमार शामिल थे।
विजिलेंस टीम ने पानीपत निवासी अशोक भल्ला को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।