एक दिन में खुल रहे 7 हजार खाते
जनधन योजना के तहत जिले में एक दिन में औसतन सात हजार बैंक अकाउंट खोले जा रहे हैं। 10 दिन में कुल 70 हजार लोगों के बैंक खाता खोले जा चुके हैं। अब वार्ड अनुसार लोगों के अकाउंट खोले जाएंगे। बैंक को संबंधित वार्ड में सभी लोगों के बैंक खाता खोलने के बाद सर्टिफिकेट भी जारी करना होगा। शुक्रवार को बैठक कर जन धन योजना की समीक्षा की गई।
जन धन योजना में जीरो बैलेंस पर बैंक खाता खोले जाने की सुविधा है। जिला स्तर पर 10 दिन में बैंकों ने 70 हजार से ज्यादा लोगों के बैंक खाता खोल दिए हैं। समाज के वंचित वर्ग को देश की वित्तीय प्रणाली से जोड़कर योजना का उद्देश्य परिवारों को बैंकिंग प्रणाली की मुख्यधारा में शामिल करना है। जिले के करीब 319 गांवों के परिवारों के योजना के तहत खाता खोलने का खाका खींचा गया। शुक्रवार को सचिवालय में बैठक कर जन धन योजना की समीक्षा की गई।
अग्रणी जिला प्रबंधक डीआर शर्मा के अनुसार औसतन एक दिन में सात हजार बैंक खाता खोले जा रहे हैं। अब वार्ड के अनुसार लोगों के बैंक खाता खोले जाएंगे। वार्ड के सबसे नजदीक बैंक को वहां के लोगों के खाते खोलने होंगे। हालांकि अगर कोई व्यक्ति उस बैंक या ब्रांच खाता खुलवाना चाहे तो वह अन्य बैंक में खाता खुलवा सकता है। यही नहीं बैंकों को सर्टिफिकेट भी जारी करना होगा। वहीं बैंक खाता खोलने में हो रही दिक्कतों के बारे में भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। साथ ही घरों की संख्या और जनसंख्या का सही डाटा मांगा है। उन्होंने बताया कि खाता धारक को बैंक खाते के साथ-साथ एक लाख का आकस्मिक दुर्घटना बीमा भी होगा। यह दुर्घटना बीमा सभी जाति के लोगों के लिए हैं। योजना के दूसरे चरण में खाताधारक को पांच हजार रुपये की ऑवर ड्राफ्ट सुविधा दी जाएगी। यानि छह महीने बाद खाताधारक खाते से पांच हजार रुपये तक निकाल सकेंगे।