दो नए पांच पुराने चेहरों पर दांव
कांग्रेस प्रत्याशी
हिसारसावित्री जिंदल
नलवा प्रो. संपत सिंह
बरवाला रामनिवास घोड़ेला
उकलाना नरेश सेलवाल
हांसी विनोद भयाना
नारनौंद राजबीर संधू
आदमपुर सतेंद्र सिंह
जिलेमें कांग्रेस ने अपने पुराने दिग्गजों पर दांव खेला है। सात सीटों में से केवल दो सीटों पर नए चेहरों को उतारा है। बाकी पांच सीटों पर कांग्रेस ने निवर्तमान विधायकों को टिकट दिए हैं। नारनौंद और आदमपुर में पार्टी युवाओं को टिकट दी है। पिछले विधानसभा चुनाव में इन दोनों हलकों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।
कांग्रेस ने नारनौंद से युवा नेता राजबीर संधू को प्रत्याशी बनाया है। पिछले चुनाव में इस सीट से रामकुमार गौतम कांग्रेस प्रत्याशी थे, जो अब निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इस हलके से संधू के मुकाबले में पूर्व विधायक रामभगत शर्मा, युवा नेता योगेश सिहाग भी टिकट की दौड़ में थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा समर्थक सिहाग ने टिकट आवंटन पर एतराज जताते हुए गुरुवार को जाट धर्मशाला में अपने समर्थकों की बैठक बुलाई है। संधू ने राजनीतिक कॅरिअर की शुरुआत इनेलो से की थी। 2005 के विधानसभा चुनाव में इनेलो से टिकट कटने पर संधू ने बरवाला से आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ते हुए 8931 वोट हासिल किए थे।हजकां के गढ़ आदमपुर से कांग्रेस ने बिलकुल नए चेहरे सतेंद्र सिंह पर भरोसा जताया है। सतेंद्र कांग्रेस से पुराने समय से जुड़े हुए हैं और गैस डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष हैं। आदमपुर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीर सिंह दलाल, बालसमंद से कुरड़ाराम नंबरदार और युवा नेता भूपेंद्र कासनिया भी टिकट की जुगत में थे, मगर उन्हें कामयाबी नहीं मिली। कांग्रेस की टिकट पर अादमपुर से पिछला विधानसभा चुनाव पूर्व मंत्री जयप्रकाश ने लड़ा था। जयप्रकाश ने हजकां प्रमुख कुलदीप बिश्नोई को कड़ी टक्कर दी थी। आदमपुर के बाद हिसार लोकसभा का उपचुनाव हारने के बाद जेपी ने कलायत का रूख कर लिया था। कांग्रेस ने उन्हें कलायत से टिकट नहीं दी है। उनकी जगह पर रणवीर मान को प्रत्याशी घोषित किया है।