- Hindi News
- महिलाओं के लिए विशेष बसों के प्रबंध किए जाए
महिलाओं के लिए विशेष बसों के प्रबंध किए जाए
बसमें दो बहनों के साथ हुई छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा छेड़ी जा रही मुहिम चिंता का विषय है। इससे समाज में महिलाओं के साथ हिंसा असुरक्षा बढ़ने अपराधियों के हौसले बुलंद होने का माहौल पैदा हो रहा है। उक्त बातें जवाहर नगर की गली नंबर 5 में आयोजित बैठक में जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष शकुंतला जाखड़, जनवादी नौजवान सभा के राज्य सचिव दिनेश सिवाच और एसएफआई के जिला सचिव पुनीत ने कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मासूम बच्चियों, लड़कियों और महिलाओं के साथ हर रोज छेड़खानी, यौन हिंसा, गुंडागर्दी उत्पीड़न की घटनाएं हो रही है। ऐसे में लड़कियों का विरोध करना समाज के सभी वर्गों द्वारा स्वागत करने योग्य है। लेकिन दूसरा वीडियो सामने आने पर मीडिया द्वारा बड़े पैमाने पर उनका चरित्र हनन के प्रयास निंदनीय है। जनवादी महिला समिति ने कहा कि प्रत्येक रूट पर महिलाओं के लिए विशेष बसों का प्रबंध किया जाए। बसों में सिविल ड्रेस में पुलिस तैनात हो, महिला पीसीआर की संख्या बढ़ाई जाए, महिला हेल्पलाइन को प्रभावी बनाया जाए। रोहतक बस प्रकरण की पब्लिक ट्रायल बंद की जाए। लड़कियों के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों पर कार्रवाई हो और मामले की न्यायिक प्रक्रिया फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से की जाए। इस मौके पर निर्मला, जिला सचिव सरोज सैनी शहर प्रधान संतोष श्योकंद ने भी अपनी बात रखी।
जवाहर नगर में बैठक करतीं जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष शकुंतला जाखड़। इस मौके पर दिनेश सिवाच, पुनीत, निर्मला, सरोज सैनी मौजूद रहे।