- Hindi News
- ट्रेड यूनियन 26 फरवरी को करेगी सत्याग्रह आंदोलन
ट्रेड यूनियन 26 फरवरी को करेगी सत्याग्रह आंदोलन
हिसार | कर्मचारियोंऔर मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर ट्रेड यूनियन 26 फरवरी को सत्याग्रह आंदोलन करके सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। ट्रेड यूनियनों ने गुरुवार को बैठक करके सत्याग्रह आंदोलन की रणनीति पर मंथन किया। सरकार को चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो कर्मचारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य उपाध्यक्ष आरसी जग्गा ने कहा कि केंद्र राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद नई आर्थिक नीतियों को तेजी से लागू किया जा रहा है। भारी कुर्बानियों के बाद हासिल किए गए श्रम कानूनों को पूंजीपतियों के हक में कमजोर कर दिया है। सीटू के जिला सचिव एवं जिला पार्षद कामरेड सुरेश कुमार ने कहा कि सभी नेताओं ने केंद्र प्रदेश सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण कानून 1894 को बदले जाने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और मनरेगा को कमजोर करने का विरोध करेंगे। बैठक की अध्यक्षता एमएल सहगल ने की। इस दौरान मोहनलाल राजली, एटक नेता का. रूप सिंह, महासंघ के नेता जयभगवान बडाला, बीएमएस नेता हनुमान गोदारा, सकसं नेता सुरेंद्रमान, महेंद्र सिंह भाटी, इंटक नेता कृष्ण नैन, जयप्रकाश, एआईयूटीयूसी के मेहर सिंह बैंक कर्मचारी नेता बीएल शर्मा आदि मौजूद रहे।