पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एमएसजी फिल्म पर प्रदेश में रोक लगाई जाए: मुकेश

एमएसजी फिल्म पर प्रदेश में रोक लगाई जाए: मुकेश

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हरियाणाहिंदू महासभा की प्रदेश महासमिति की बैठक 15 फरवरी को हिसार के माडल टाउन में प्रदेश प्रधान स्वामी कृपा विश्वास के नेतृत्व में होगी। इसमें अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य रमेश मिश्र मुख्य अतिथि होंगे। बैठक में राममंदिर निर्माण हेतू हस्ताक्षर अभियान, लव जेहाद का विरोध, कश्मीर से धारा 370 हटाने, समान नागरिक संहिता, ढोंगी बाबाओं द्वारा हिंदू धर्म को बदनाम करने जैसे विषयों पर हिंदू महासभा निर्णायक फैसले लेगी। उक्त बातें हरियाणा युवा हिंदू महासभा के प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश गुप्ता ने मिलगेट स्थित नगर युवा प्रधान पवन कौशिक के निवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि समाज में संत महात्माओं का कार्य जनमानस को बुराइयों से दूर करने के लिए प्रेरित करना होता है। धर्मगुरु को फिल्मी कलाकारों की तरह अशोभनीय नृत्य करना, अशोभनीय पोशाक पहनना गलत है, किसी भी धार्मिक गुरु को इस प्रकार का कार्य नहीं करना चाहिए। हिंदू महासभा एमएसजी फिल्म का विरोध करती है, यह फिल्म एक गलत संदेश देती है। फिल्म एमएसजी पर पंजाब की तरह हरियाणा में भी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म एमएसजी में डेरा सच्चा सौदा के बाबा राम रहीम द्वारा फिल्मी कलाकारों की तरह अभिनय करना पूरी तरह से गलत है। इससे बाबाओं के सम्मान में कमी आएगी।

जिला हिंदू महासभा प्रधान रामोतार शर्मा ने कहा कि प्रदेश महासमिति की बैठक में अखिल भारत हिंदू महासभा के तदर्थ राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य रमेश मिश्र मुख्य अतिथि होंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य मदन सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारी प्रधान बाबा बाबा नंदकिशोर मिश्रा, राष्ट्रीय उपप्रधान राकेश आर्य सहित अनेक प्रदेशों के प्रदेश प्रधान भाग लेंगे। इस अवसर पर कैलाश वर्मा, कुलदीप शर्मा, सुरेंद्र सैन, संदीप जांगड़ा, गजेंद्र शर्मा, मोहित, अजीत हरीश आदि उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एमएसजी फिल्म के विरोध में प्रदर्शन भी किया।

हिंदू महासभा की 15 फरवरी को हिसार में प्रदेश महासमिति की बैठक में होंगे निर्णायक फैसले