- Hindi News
- टेंडर के बाद भी नहीं बनी आजाद नगर की गलियां
टेंडर के बाद भी नहीं बनी आजाद नगर की गलियां
सीवरलाइन डाले जाने के बाद से आजाद नगर की मेन गली नहीं बन पाई है। टेंडर होने के बावजूद गीता कॉलोनी तक करीब एक किलोमीटर लंबी गली और आदर्श नगर की 400 मीटर लंबी एक नंबर गली का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। आजाद नगर सुधार समिति दोनों गलियों के निर्माण का मुद्दा डीसी दरबार में उठा चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
डीसी को सौंपे ज्ञापन में सुधार समिति के पदाधिकारियों सुरेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, कश्मीर सिंह आदि ने इन गलियों को शीघ्र बनवाने की मांग की थी। विडंबना है कि टेंडर होने के बाद भी ये गलियां नहीं बन पा रहीं। राजगढ़ रोड से दोनों और बसी दर्जनों कॉलोनियों को यही गलियां जोड़ती हैं। समिति के प्रधान सुरेंद्र ने बताया कि सड़कें बनने से हजारों लोग परेशान हैं।
उन्होंने विधायक रणबीर गंगवा से भी इस ओर ध्यान देने की गुजारिश की है। प्रधान ने कहा इन्हीं गलियों से भारी वाहन कॉलोनियों में सामान लेकर जाते थे। कई जगह अब सामान नहीं पहुंच पा रहा और निर्माण कार्य ठप हो गए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। स्कूल बसें गलियों में नहीं जा पा रहीं।