- Hindi News
- चलती स्कूल वैन से गिरी पांच साल की बच्ची
चलती स्कूल वैन से गिरी पांच साल की बच्ची
लक्ष्मीबाई चौक से बस स्टैंड की तरफ जाते समय पुराना ओवरब्रिज पर सोमवार को चलती स्कूली वैन से एक पांच साल की बच्ची गिर गई। ढलान होने के कारण बच्ची 100 मीटर तक सड़क से रगड़ती चली गई। शुक्र रहा कि पीछे से रहे कार चालक सुरेंद्र सिंह दलाल ने समय रहते कार को बच्ची को बचाने के चक्कर में कार को डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस जुगत से बच्ची बाल बाल बच गई।
दरअसल हुआ यूं कि सोमवार को तोशाम रोड स्थित एक स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों से भरी एक स्कूल वैन लक्ष्मी बाई चौक से बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। इसी बीच रास्ते में पुराने पुल से नीचे उतरते समय ढलान पर वैन के पीछे की खिड़की खुल गई। इससे एक बच्ची चलती वैन से नीचे गिर गई। ढलान होने के कारण वह 100 मीटर तक सड़क पर रगड़ती रही। घटना के समय वैन में केयरटेकर महिला भी बैठी थी। इस दौरान वैन चालक और केयरटेकर को बच्ची के गिरने की भनक तक नहीं लगी। सड़क पर फर्राटा दौड़ते वाहनों की बीच बच्ची सड़क पर पलटे खा रही थी। इसी बीच पीछे से रहे एक कार चालक ने बच्ची को बचाया।
घंटों तक रोड जाम
बच्चीके सड़क पर गिरने से पुराने पुल पर गुजर रहे वाहन चालकों की भीड़ लग गई। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया। इससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
बेपरवाह वैन चालक
वैनके चालक और केयरटेकर महिला की लापरवाही का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बच्ची के गिरने से करीब 200 मीटर दूर जाने पर बच्ची के गिरने की जानकारी मिली।
बच्ची को कुछ हो जाता तो जीना बोझ था : दलाल
सेक्टर 16, 17 निवासी सुरेंद्र ने बताया कि शुक्र रहा बच्ची को कुछ नहीं हुआ नहीं तो पूरे जीवन एक बेटी को चोट पहुंचाने के बोझ में जीना पड़ता। मैं घर से कार में सवार होकर बाजार के लिए निकला था। जब मैं पुराने पुल के नीचे उतरा तो देखा कि एक स्कूली वैन से एक बच्ची गिर गई। अचानक मेरी कार बच्ची के सामने जा पहुंची। मैंने एक दम कार को मोड़ा और इसके बाद बच्ची को संभाला।