किसानों ने बाइपास का निर्माण रोका
शहरके नजदीक इन दिनों बाइपास का निर्माण चल रहा है। बुधवार को शहर के जींद मार्ग के नजदीक खेतों में चल रहे बाइपास निर्माण के तहत खेतों में सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। इस लाइन के माध्यम से सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक के खेतों में सिंचाई हेतु पानी पहुंचाया जाएगा। किसानों ने पाइप लाइन की चौड़ाई को लेकर विरोध जताते हुए काम बंद करवा दिया।
रोष जताने वाले किसानों में शामिल राम संदूजा, नरेंद्र चुघ, राजन चावला, गुरदियाल सिंह, लीला राम, महेंद्र सिंह, संजय संदूजा, शेर सिंह ने बताया कि जो कंपनी बाइपास का निर्माण कर रही है वो सड़क से सिंचाई का पानी क्रॉसिंग के लिए पाइप बिछाने का कार्य कर रही है। किसानों का कहना था कि कंपनी मात्र 2 फीट चौड़ाई की पाइप लाइन बिछा रही है। जबकि अन्य कई क्षेत्रों में इसकी चौड़ाई 4 फीट की है। किसानों ने अंदेशा जाहिर किया कि 2 फीट चौड़ाई के पाइप लाइन से पर्याप्त मात्रा में पानी आगे नहीं पाएगा। इसके अलावा वक्त भी ज्यादा लगेगा ऐसे में जिन किसानों के खेत में पानी की बारी होगी उनके साथ एक तरह से अन्याय है। किसान इसे सहन नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारी किसानों ने ऐलान कर दिया है कि जब तक संबंधित विभाग उनकी मांगों के अनुरूप पाइप लाइन नहीं बिछाता है तब तक यह कार्य नहीं होने दिया जाएगा। वहीं मामले को लेकर जब निर्माण कार्य में जुटी कंपनी के अधिकारियों के संबंध में वहां मौजूद मजदूरों से पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। यहां बता दें कि बरवाला में जो बाइपास बन रहा है वो हिसार मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक से शुरू होकर हांसी-जींद रोड खेतों से गुजरता हुआ चंडीगढ़ रोड पर गोशाला के नजदीक से गुजरेगा।
बरवाला के जींद रोड पर बाइपास क्षेत्र में पाइप बिछाने के लिए खोदी गई जगह।