17 पार्षदों के साथ कैप्टन अभिमन्यु ने की मीटिंग
मुख्यमंत्रीमनोहर लाल के हिसार आगमन के बाद जिला परिषद की चेयरमैनी को लेकर फिर सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को एचएयू के गिरी सेंटर में सीएम का हेलिकॉप्टर उतरते ही वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने मुख्यमंत्री से कुछ गुफ्तगू की। सीएम खट्टर डॉ. कमल गुप्ता के आवास से वापसी के बाद रवाना हो गए, लेकिन वित्तमंत्री सीधे विश्राम गृह पहुंच गए। वहां पहले से मौजूद जिला परिषद के कई नव निर्वाचित सदस्यों और ब्लॉक समिति सदस्यों ने उनका स्वागत किया। लगभग एक घंटा चली बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सदस्यों को संबोधित किया। इसके बाद कैप्टन अभिमन्यु ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देने के साथ संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि बैठक में 17 पार्षद मौजूद थे।
वित्त मंत्री ने सदस्यों का अाह्नान किया कि जिस तरह चुनाव के दौरान आप लोगों ने भाईचारा और एकजुटता की मिसाल कायम की, उसी भाईचारा के अनुरूप मिलजुल कर जिला परिषद का चेयरमैन चुनें।
बराला और प्रो. छत्रपाल के बाद अब कैप्टन ने संभाली कमान
पंचायतचुनाव के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हिसार आए थे तो उन्होंने पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी दी कि ज्यादा से ज्यादा सदस्य भाजपा समर्थित होने चाहिए। उसके बाद प्रो. छत्रपाल सक्रिय हुए और उन्होंने सदस्यों से संपर्क साधा। गुरुवार को जब सीएम, कैप्टन अभिमन्यु और सुभाष बराला हिसार आए तो चेयरमैन की कुर्सी अपने खेमे में लाने के लिए रणनीति बनाई। इसके बाद यह बैठक बुलाई गई। यद्यपि बैठक का कार्यक्रम पहले से ही तय था। बैठक में कृष्ण लाल रिण्वा, श्रीनिवास गोयल, प्रो. मनदीप मलिक, रवि सैनी, कर्णसिंह राणौलिया, जोगीराम सिहाग, योगेश सिहाग एडवोकेट मौजूद थे, लेकिन प्रो. छत्रपाल सिंह, महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सुजीत कुमार बैठक में नहीं थे। वहीं पहले अपने साथ एक दर्जन जिला पार्षदों का साथ होने का दावा करने वाले पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता प्रो. छत्रपाल गुरुवार को कैप्टन द्वारा बुलाई बैठक से नदारद थे।
भाजपा नेताओं का दावा है कि बैठक में जो नव निर्वाचित सदस्य मौजूद थे, उनमें अरूण दत्त शर्मा, कृष्ण सरसाना, संदीप कुमार, ओमप्रकाश आर्यनगर, ब्रह्मदेव स्याहड़वा, मीना देवी पाबड़ा, राजबीर खेदड़, सुमित्रा रानी, अनिल देवी बनभौरी, सुदेश, मीनु कुमारी, सुरेंद्र कुमार, रमेश हैबतपुर, जिले सिंह, कुलदीप जमावड़ी, सरोज बामल तथा पूनम शामिल है। इनमें ओमप्रकाश आर्यनगर पूर्व सांसद प. रामजीलाल के सगे भतीजे हैं। हालांिक फिलहाल ये दावा सिर्फ भाजपा की तरफ से किया जा रहा है।
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साथ जिला पार्षद और भाजपा नेता।