हिसार / हांसी. दिल्ली रोड पर एक जीप की चपेट में आकर बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों मुंढाल जा रहे थे। दुर्घटना के बाद एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार के लिए हिसार ले जाते समय दम तोड़ा। मृतक दोनों युवक जींद के गांव माली के रहने वाले थे। हादसे के बाद जीप चालक मौके से भाग गया। दुर्घटना देर शाम दिल्ली रोड पर गढ़ी के समीप हुई।
युवक राजमल उर्फ राजू व उसका दोस्त बलराम मोटर साइकिल पर सवार होकर मुंढाल जा रहे थे। मुंढाल में राजू की बहन रहती है और एक दिन पहले से वह उसके घर आए हुए थे। राजू की दूसरी बहन हिसार के समीप रोलेवाली भैणी में
विवाहित है। कुछ दिन पहले ही उसका बच्चा हुआ था। दोनों सवेरे ही मुंढाल से उसे कपड़े और उपहार आदि देने गए थे। देर शाम को वापस मुंढाल की तरफ लौट रहे थे। गढ़ी के समीप सामने से आ रही एक जीप ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दोनों युवक सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल लाई। अस्पताल में राजू को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बलराम की सांसें अभी चल रही थी। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए उसे हिसार रेफर कर दिया। उसे हिसार ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। मृतक बलराम राजू का पड़ोसी और दोस्त था। दोनों की उम्र 18-19 के आसपास बताई जा रही है।