पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहिसार. इस बार अक्षय तृतीया (आखा तीज) दो दिन 12 व 13 मई को होगी। तृतीया तिथि 12 मई को रविवार सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर शुरू होगी, जो सोमवार को दोपहर 12 बजकर 47 मिनट तक रहेगी। 13 मई को अक्षय तृतीया और तीन योग सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग और रवि योग एक साथ पड़ रहे हैं। ज्योतिषियों की मानें तो यह योग 128 साल बाद बना है। आभूषण खरीद, गृह प्रवेश एवं विवाह के लिए यह योग सर्वश्रेष्ठ है।
अक्षय तृतीया को अबूझ मुहूर्त माना जाता है। परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रम भी दोनों दिन होंगे। इस दिन किए गए पुण्य कार्यो का क्षय नहीं होता है। खरीद-फरोख्त के लिए लोगों को दो दिन का समय मिलेगा, लेकिन सोमवार को पूर्वाह्न् व्यापनी उदया तिथि में भी तृतीया होने से विवाह इसी दिन होंगे।
पंडित रामदुलारे दीक्षित ने बताया कि अक्षय तृतीया 12 और 13 मई को पूर्वाह्न् व्यापनी है, लेकिन 13 मई को अक्षय तृतीया तीन मुहूर्त से अधिक है। 12 मई को भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाएगी। 13 मई को अक्षय तृतीया के साथ-साथ सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग, रवि योग सूर्योदय से लेकर शाम 4 बजकर 53 मिनट तक रहेंगे। यह योग 128 साल बाद बना है।
ऋषि नगर के विश्वकर्मा मंदिर के आचार्य राममेहर शास्त्री के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन जिन जोड़ों का विवाह होगा, उनका दाम्पत्य जीवन अत्यंत सुखदायी रहेगा। इसका कारण यह है कि इस वर्ष का राजा गुरु है, मंत्री शनि, वित्तमंत्री मंगल है, जो पारिवारिक और व्यापारिक जीवन को सुखदायी बनाते हैं।
आभूषण, वाहन, भूमि आदि चल-अचल संपत्ति की खरीद-फरोख्त तृतीया तिथि प्रारंभ होने से समाप्त होने तक की जा सकती है, किंतु विवाह, स्नान और दान सोमवार को उदया तिथि के दिन तृतीया में ही करना श्रेष्ठ।
इस दिन किया दान अक्षय पुण्य का रूप
अक्षय तृतीया को सौभाग्य दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। सनातन धर्म में युगादि तिथियों में इसकी गणना होती है। त्रेतायुग की शुरूआत भी इसी तिथि से हुई थी। भगवान परशुराम का अवतरण भी इसी दिन हुआ। तीर्थ स्थल बद्रीनाथ धाम के कपाट भी इसी दिन खुलते हैं।
बांके बिहारी मंदिर वृंदावन में विग्रह चरण के दर्शन भी इसी दिन कराए जाते हैं। इसी तिथि पर स्वर्ग से गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। शास्त्रों में उल्लेख है कि इस दिन किया गया दान अक्षय पुण्य के रूप में संचित होता है।
अक्षय तृतीया पर डाकखाने में सोने के सिक्के पर 7 प्रतिशत डिस्काउंट
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर आप 7 प्रतिशत की छूट पर सोने का सिक्का खरीद सकते हैं। डाक विभाग विशेष स्कीम के तहत यह छूट दे रहा है। अक्षय तृतीय वाले दिन 13 मई से लेकर 30 मई तक लोग इस छूट का फायदा उठा सकते हैं। इस बार सोने के एक, पांच, आठ, दस, बीस और पचास ग्राम तक के सिक्के मुख्य डाकघर से खरीदे जा सकते हैं।
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर दिलबाग सिंह जाखड़ ने बताया कि सिक्कों पर इंडियन पोस्ट स्टैंप लिखा हुआ है जिससे इसकी क्रेडिबिलिटी खुद ही बढ़ जाती है। सिक्के को 99.99 शुद्धता पर खरा बताया जा रहा है। प्रधान डाकघर शाखा से सुबह 10 बजे से लेकर शाम बजे तक सिक्के खरीदे जा सकते हैं।
इसके लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। यहां सिस्टम मैनेजर को खास इसी काम के लिए ही नियुक्त किया गया। ग्राहक कैश देकर तुरंत सिक्का ले सकते हैं जबकि चेक के क्लियर होने के बाद ही सिक्का दिया जाएगा। जाखड़ ने बताया कि धन तेरस पर भी उन्होंने यहां छूट दी थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.