सुलखनी। सुलखनी की सरपंच सोहना देवी के घर के सामने हूटिंग करने और रोक टोक करने पर उनके पति पर हमला करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों के लामबंद होने पर आरोपित दबंगई पर उतर आए हैं।
शुक्रवार सुबह धान्सू गांव के बस स्टैंड पर कुछ लोगाें ने सुलखनी की तरफ से आ रही रोडवेज बस को रुकवाकर कब्जे में ले लिया और यात्रियों व स्कूली बच्चों को नीचे उतारकर मारपीट की। आरोप है कि सुलखनी के राहुल को बस से नीचे फेंक दिया और मारपीट करते हुए यात्रियों के साथ भी बदतमीजी की। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और बरवाला पुलिस जब मौके पर पहुंची तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे।
घटना के बाद धान्सू के सरपंच और सुलखनी के सरपंच प्रतिनिधि रामस्वरूप नलवा घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों, स्कूली बच्चों व मजदूरों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत सदर थाना में दी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।
आरोपितों को नहीं बख्शा जाएगा
बरवाला उपमंडल के डीएसपी राजबीर सैनी ने कहा कि सुलखनी घटनाक्रम में सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने थाना प्रभारी अनिल को सख्त हिदायतें दी हैं।
धान्सू की पंचायत ने कहा- भाईचारा बिगाड़ने वाले लोगों का नहीं देंगे साथ
घटना के बाद धान्सू में सरपंच के घर सुलखनी के ग्रामीणों के साथ पंचायत हुई। इसमें मनोहर भाकर, सरपंच कृष्ण बावल ने कहा कि शरारत करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। जिन युवकों की वजह से भाईचारा बिगड़ रहा है। उनका कभी साथ नहीं देंगे। उन्होंने गांव के बस स्टैंड पर हुई घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके साथ भी हो सकती थी। धान्सू के सरपंच ने कहा कि पूरा गांव आप लोगों के साथ है। पंचायत में चंद्रभान रखेजा, अनिल कुमार, पूर्व सरपंच मामनराम चित्रा, युवा मंडल प्रधान विकास सांगा, सुनील कुमार व जाकिर हुसैन सहित अन्य मौजूद थे।
पुलिस क्यों नहीं पकड़ पाई आरोपितों को
सुलखनी गांव की महिला सरपंच सोहना देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपितों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार तक का समय प्रशासन को दिया गया था, वह समाप्त हो गया है। अब शनिवार को महिलाओं को साथ लेकर हाईवे पर उतरेंगी। घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सरपंच के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे डीसी आवास पर धरना देंगे।