पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कारों के लिए बाइकर्स बने दहशतगर्द, कर दिया लोगों की नाक में दम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हिसार. शहर में कारों के शीशे तोड़े जाने की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार रात बाइक सवार तीन युवकों ने सेक्टर 16 में एक के बाद एक छह गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। इनमें इंडिका, आई ट्वेंटी, पोलो, फोर्ड, वरना और फॉक्सवेगन कार शामिल हैं।

सभी कारों पर ईंटें फेंकी गई। एक कार की छत पर और शेष के अंदर ये ईंटें पड़ी मिली। इस घटना के बाद से सेक्टर के लोग सुरक्षा को लेकर काफी परेशान हैं। गाड़ी के मालिक सुशील कुमार, संजय मित्तल, डॉ. सतपाल, मोहनलाल शर्मा, नवीन जैन ने रात घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच की। मगर, बाइकर्स का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

इससे पहले दिन में राजगुरु मार्केट, दोपहर पुष्पा कॉम्पलेक्स और रात लगन पैलेस में गाड़ियों के शीशे टूटे थे। किसी भी मामले में आरोपी नहीं मिला है। महंगी कारों के शीशे टूट जाने से परेशान उनके मालिकों ने कहा कि बाइकर्स ने दहशत मचा रखी है।

पत्थर मारा और भाग गए

सेक्टर 16 की सुनीता गोयल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली प्रीतम चावला ने ने रात तीन लड़कों को देखा था। लड़कों ने घर के बाहर खड़ी कार पर पत्थर मारा और भाग गए। रात होने की वजह से उन्हें पहचान नहीं पाई। गली की आधी स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। आधी जलती हैं। अक्सर गली से बाइकर्स तेज गति में वाहन चलाते हुए और हॉर्न बजाते हुए गुजरते हैं। ऐसे में हादसे का भी डर बना रहता है। सीमा बतान ने बताया कि कार से सामान चोरी नहीं हुआ, मगर डर बना हुआ है।

हाथों में ईंट लिए चिल्ला रहे थे बाइकर्स

एक बाइक पर तीन लड़के सवार थे। उम्र कोई 15 से 18 के बीच। हाथों में ईंटें थी। तीनों गला फाड़ कर चिल्ला रहे थे। इसी दौरान बाइक पर बीच में बैठे युवक ने हाथ में थमी ईंट कार के पिछले शीशे पर दे मारी। यह कहना है सेक्टर 16 के सुरेंद्र भटनागर का।

नुकसान उठाना मुश्किल

ऐसी वारदात परेशान करने वाली है। कार और उसका शीशा महंगा है। इस महंगाई में नुकसान उठाना मुश्किल है। अब हमें नया शीशा लगवाना पड़ेगा।

मीनाक्षी मित्तल, निवासी सेक्टर 16, हिसार