पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ग्रीन बेल्ट पर निर्माण करवा रहे थे पार्षद के बेटे, हुए गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार। सिरसा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास ग्रीन बेल्ट में शुक्रवार रात निर्माण करने के मामले में पुलिस ने पार्षद के दो बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को शनिवार कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शहर थाना प्रभारी भारतेंद्र ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने के मामले में पार्षद कमला बंसल के बेटे मुकेश और संदीप को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न मामलों में केस दर्ज कर जेल भेज दिया। कार्रवाई के समय पर पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ और डीएसपी सहित थाना प्रभारी मौके पर मौजूद थे। कार्रवाई शुक्रवार रात करीब 12 बजे की गई। नगर निगम की टीम ने हाल ही में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित जिस सरकारी जमीन पर निर्माणाधीन अवैध निर्माण को गिराया था। जिसे पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात को पार्षद कमला बंसल के बेटे मुकेश और संदीप ने दोबारा से उसी जमीन पर निर्माण शुरू करा दिया। शहर थाना प्रभारी भारतेंद्र ने बताया कि आरोपी रात में दीवार बना रहे थे।
पुलिस से अभद्रता पड़ी भारी

शुक्रवार रात को पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की रात 11 से तड़के 4 बजे तक नाइट डोमिनेशन गश्त थी। एसपी विकास धनखड़, डीएसपी, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी गश्त कर रहे थे। सूचना मिली कि सिरसा रोड पर ग्रीन बेल्ट में सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
इस पर एसपी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद पार्षद कमला बंसल के बेटों से निर्माण बंद कराने को कहा। इस बीच एसपी के साथ वार्षद के बेटों ने बहस की। इसके बाद दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वारदात स्थल पर करीब 15 से 20 युवक मौजूद थे। पार्षद बेटों के द्वारा सरकारी जमीन पर किए जा रहे निर्माण की कार्रवाई भी नाइट डोमिनेशन के तहत ही की गई।
राेड पर लगा था वाहनों का जमावड़ा
शहर थाना प्रभारी भारतेंद्र ने बताया कि जब वे टीम के साथ नाइट डोमिनेशन के तहत गश्त कर रहे थे तो उसी समय सिरसा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के नजदीक सड़क पर वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ था। इस पर पुलिस ने मौके का जायजा लिया तो यहां पर बाइक, ट्रैक्टर, कार और पानी से भरे टैंकर खड़े थे। इसके बाद पुलिस ने मालूम किया तो सरकारी जमीन पर कब्जे की जानकारी मिली। बाद में पुलिस ने कार्रवाई की।
शुक्रवार को हटवाया था कब्जा : ईओ
नगर निगम के ईओ अरविंद कुमार विश्नोई ने बताया कि जिस स्थान पर कब्जे की बात आ रही है, उसकी सड़क बीएंडआर यानि लोक निर्माण विभाग के बिल्डिंग एंड रोड डिपार्टमेंट की बनी हुई है। जिस कोने पर कब्जा होने की शिकायत थी, वह बीएंडआर की सड़क साइड में था। शिकायत के बाद निर्माण को बंद कराकर गिरवा दिया गया था। कार्रवाई कुछ लोगों की शिकायत के बाद की गई थी। इनका कहना है कि शिकायत में किसी पार्षद का नाम नहीं था। लिखित में हमें शिकायत मिलती तो हम संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करते। पूरे मामले में जब वार्ड दो की पार्षद कमला बंसल से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल नंबर बंद आया।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
शहर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 149, 353 और 447 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इन्हीं के तहत पार्षद के बेटों को गिरफ्तार किया गया है।