पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहांसी. बेहद रफ ड्राइविंग के लिए ख्यात हरियाणा रोडवेज के एक चालक ने गुरुवार को फिर से रोडवेज पर धब्बा लगा दिया। बल्लभ गढ़ से सिरसा जा रही रोडवेज के बस चालक ने सवारियों की परवाह किए बगैर बस को एक कैंटर के पीछे दौड़ा दिया था। कैंटर ने बस को साइड मारी थी। इसी का बदला लेने के लिए बस चालक ने बस को कैंटर के पीछे लगा दिया तथा रूट बदल कर कैंटर का पीछा करने लगा।
बस राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर दस से हटकर शहर की सड़क पर दौड़ने लगी। गनीमत रही कि आगे एक बिजली का खंभा आ जाने के चलते बस और कैंटर दोनों रुक गए अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरे प्रकरण में बस में सवार लोगों के चेहरों की हवाइयां उड़ गई। दोनों वाहनों के रुकते ही दोनों चालक आपस में भिड़ गए तथा एक दूसरे के कपड़े फाड़ डाले। मेडिकल के लिए दोनों को यहां सिविल अस्पताल में लाया गया।
हरियाणा रोडवेज की फरीदाबाद डिपो की एक बस गुरुवार को हांसी बस अड्डे से हिसार की ओर निकली थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे कैंटर से उसकी मामूली भिड़ंत हो गई। गुस्साए रोडवेज बस चालक मुकलान निवासी राजेश ने कैंटर का पीछा करते हुए बस को अंबेडकर चौक से शहर की तरफ मोड़ दिया और कैंटर के आगे बस लगा कर उसे रुकवा लिया।
इतने से भी बस चालक को सब्र नहीं आया तथा उसने कैंटर चालक को नीचे उतार कर उसकी धुनाई कर डाली। इसी दौरान बस चालक की कमीज भी फट गई। सवारियों ने बीच बचाव कर कैंटर चालक को छुड़वाया। उधर बस में बैठी सवारियों ने आरोप लगाया कि रोडवेज बस चालक ने अपना रूट बदल कर कैंटर चालक का पीछा करना शुरू कर दिया था।
टक्कर होते बची
इसी दौरान बस की दीवार में टक्कर होते होते बची। कैंटर चालक अनिल उर्फ डांगी ने बताया कि वह सोरखी की तरफ से आ रहा था कि अचानक बस स्टैंड से बस निकल कर आई और टक्कर होने से बच गई। बस चालक गुस्से में उसे गाली गलौच करने लगा और उसका पीछा कर बस को अंबेडकर चौक के समीप शहर की ओर उसके आगे बस खड़ी कर उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
बाद में बस चालक और परिचालक सवारियों को वहीं छोड़ कर निकल गए। फिलहाल रोडवेज ने बस चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
बस में सवार थी 65 सवारियां
जिस समय बस कैंटर के पीछे दौड़ रही थी उस वक्त बस में 65 सवारियां सवार थी। अगर कोई हादसा हो जाता था इन सभी सवारियां की जान को जोखिम हो सकता था।
फोटो- बड़सी गेट सड़क पर बिजली के खंभे के सामने आने के बाद रुकी रोडवेज बस और कैंटर।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.