हिसार. राजगुरु मार्केट में सोमवार सुबह कार का शीशा तोड़ कर हजारों रुपए की ज्वेलरी चुरा ली गई। कार एक कपड़ा व्यापारी बंसीलाल की थी। वह खुद कार से चंद कदम दूर चाय की दुकान पर चाय पी रहे थे। पटेल नगर में रहने वाले बंसीलाल ने बताया कि सोमवार सुबह 8:45 पर वे दुकान पर पहुंचे। दुकान के बाहर कार पार्क कर पड़ोसी के साथ चाय पीने चले गए। वापस लौटे तो देखा कि कार का शीशा टूटा था और अंदर रखा बैग गायब था। इसमें डायमंड रिंग, चांदी के 260 ग्राम और 80 ग्राम के दो ब्रेसलेट थे।
दूसरी वारदात
वाहन का शीशा तोड़कर सामान उड़ाने की दूसरी वारदात में अर्बन एस्टेट कॉम्पलेक्स के सामने सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे स्पेयर पार्ट्स का काम करने वाले अर्बन एस्टेट निवासी द्रवेश गोयल की कार का शीशा तोड़कर बैग चुरा लिया। पुलिस के मुताबिक शीशा केमिकल लगाकर तोड़ा गया था। द्रवेश ने बताया कि सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कुछ काम से पुष्पा कॉम्पलेक्स आए थे। यहां उन्होंने अपनी कार अर्बन एस्टेट कॉम्पलेक्स के सामने पार्क की। करीब दस मिनट बाद जब लौटे तो कार कर शीशा टूटा हुआ था और बैग गायब था। बैग में कुछ कागजात थे।
तीसरी वारदात
रात करीब 12 बजे लगन पैलेस के बाहर खड़ी कार का शीशा भी चोरों ने तोड़ दिया। कार मालिक दिल्ली से बारात के साथ आया हुआ था। उसकी इंडिगो कार पैलेस के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान चोरी की नीयत से कार का शीशा तोड़ डाला।