पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहिसार. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गुरुवार को नगर निगम चुनाव का बिगुल बज ही गया। राजनीतिक दल सक्रिय हो गए। प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त ने 13 मई को अफसरों की बैठक बुलाई है। चुनाव कराने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त अशोक गर्ग को रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया है। जिले में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
2010 में नगर परिषद भंग करके हिसार को नगर निगम का दर्जा मिला था। तब से शहरवासियों को निगम चुनाव का इंतजार था। चुनाव की घोषणा से एकाएक राजनीति तेज हो गई है। निगम के बीस वार्डो में चुनाव होने हैं। मेयर का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। निगम के जेटीओ इंद्रजीत कुल्हड़िया ने बताया कि मतगणना के लिए महाबीर स्टेडियम रेसलिंग हॉल को चुना गया है।
कमिश्नर नीलम प्रदीप कासनी की अध्यक्षता में 13 मई को सुबह 10:30 बजे एचएयू के बेसिक साइंस कॉलेज के ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण कार्यशाला होगी। निर्वाचन आयोग की ओर से प्रशिक्षित राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक शालिनी चैतल तथा रीगन कुमार प्रशिक्षण देंगे।
चुनावी सूचना मिलते ही निगम दफ्तर में रौनक
नगर निगम चुनाव 2 जून को कराए जाने की सूचना शहरवासियों तक पहुंची तो राजनीति से जुड़े लोगों ने एक दूसरे के पास फोन घनघनाने शुरू कर दिए। कभी निगम में तो कभी पूर्व प्रधानों, पार्षदों के पास फोन आने शुरू हो गए। पूरा दिन शहर में चुनावी मुद्दे को लेकर चर्चाएं होती रहीं। नगर निगम सचिव के पास सुबह करीब 11 बजे एडीसी ऑफिस से चंडीगढ़ से फैक्स आने की बात को लेकर फोन आया। इसके बाद पूरे शहर में चुनावी मुद्दा गरमा गया।
निगम सचिव प्रशासन ने इलेक्शन कमीशन चंडीगढ़ फोन कर 2 जून की चुनावी डेट को पुख्ता किया। पूर्व पार्षद और राजनीति से जुड़े लोग स्वयं निगम दफ्तर पहुंच चुनावी प्रक्रिया के बारे में जानने के लिए उत्सुक रहे।
शहरवासियों के साथ साथ जिला प्रशासन ने पुरानी फाइलें खंगालनी शुरू कर दीं। लगभग सभी कार्यालयों में भी हरेक की जुबान पर निगम चुनाव के समीकरण किस ढंग से रहेंगे इस पर चर्चाएं होती रहीं।
चार एआरओ नियुक्त किए
निगम चुनाव में जिला प्रशासन की तरफ से वार्ड एक से पांच तक एडीसी अशोक गर्ग को रिटर्निग ऑफिसर बनाया गया है। उनके साथ अन्य वार्डो के लिए सहायक रिटर्निग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं।
निगम सचिव दीपक सूरा का कहना है कि वार्ड 6 से 10 तक डीडीपीओ को, वार्ड 11 से 15 तक डीआरओ और 16 से वार्ड 20 तक तहसीलदार को सहायक रिटर्निग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इसे स्वीकृति के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा गया है।
चार दिन का समय वोट बनवाने और कटवाने के लिए
जिला प्रशासन ने निगम चुनाव घोषणा के बाद वोट बनवाने वाले लोगों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। चार दिन का समय वोट बनवाने और कटवाने का दिया है। निगम अधिकारियों के अनुसार इस चार दिनों तक कोई भी वोटर अपने वोटिंग लिस्ट में शुद्धीकरण भी करवा सकता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.