हिसार। सूर्यनगर निवासी प्रदीप शुक्रवार शाम स्कूटर से औद्योगिक क्षेत्र की ओर से विद्युतनगर की तरफ आ रहे थे। इसी बीच विद्युतनगर के गेट नंबर 2 के सामने दिल्ली रोड पर एक काली गाय रोड के बीच में बैठी थी। अंधेरा होने के कारण प्रदीप काे गाय दिखाई नहीं दी। इस पर स्कूटर गाय से जा भिड़ा। नीचे गिरने से प्रदीप की बाई टांग टूट गई।
सूचना मिलते ही मदद संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव भोजराज और आरटीआई एक्टीविस्ट नरेश सैनी मौके पर पहुंचे। इन्होंने एंबुलेंस को फोन किया। बाद में आसपास के लोगों की मदद से नरेश सैनी और संजीव भोजराज ने प्रदीप को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। अब प्रदीप की हालत में सुधार है।
लावारिस पशु 5000, पकड़े 300
शहर में करीब पांच हजार से अधिक लावारिस पशु घूम रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पूर्व 29 लाख रुपये की लागत से धान्सू रोड पर अस्थायी बाड़ा बनाने का फैसला प्रशासन ने लिया। करीब आठ एकड़ के अस्थायी बाड़े में फिलहाल करीब 300 सांड पहुंच चुके हैं। इस लिहाज से शहर में अभी करीब 4700 लावारिस पशु घूम रहे हैं। वहीं, निगम के पास स्थायी इंतजाम नहीं हो सके।
हवा हवाई साबित हुई निगम की तैयारी
पिछले माह नगर निगम में सदन की बैठक हुई थी। उस दौरान स्थायी बाड़े के लिए जमीन तलाशने व पशुओं काे गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए गोशाला संचालकों से वार्ता करने का फैसला भी हुआ। बैठक को करीब एक माह होने को आया, अभी तक कुछ नहीं हुआ।
जानलेवा पशु
सूर्य नगर में बिजली निगम से सेवानिवृत्त देशराज को लड़ते हुए दो सांडों में से एक ने सींगों पर उठाकर पटका था। देशराज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
6 अगस्त को रामपुरा मोहल्ला की 82 वर्षीय कौशल्या को मोहल्ले में ही सांड ने सींगों पर उठाकर फेंक दिया था। अस्पताल में बुजुर्ग ने दम तोड़ा।
जून में दिल्ली रोड पर पशु के कारण हुए सड़क हादसे में महावीर कॉलोनी निवासी साइकिल सवार महेंद्र की जान चली गई ।
(विद्युत नगर के सामने गाय से स्कूटर भिड़ने पर घायल प्रदीप।)