हिसार. हड़ताल के कारण तीन दिन से बिजली-पानी गुल होने से परेशान लोग अब सड़कों पर उतरने लगे हैं। बुधवार शाम गांव बहबलपुर के लोगों ने हिसार चंडीगढ़ रोड जाम कर दिया, वहीं शहर में रायपुर रोड स्थित कैंची चौक पर भी क्षेत्रवासियों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
शहर के पॉश इलाकों में बिजली की समस्या इतनी विकट नहीं है, जितनी पिछड़े इलाकों और गांवों में है। तीन दिन से बिजली संकट से जूझ रहे लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। वे बिजली शिकायत केंद्रों पर जाते हैं तो कोई शिकायत लिखने वाला नहीं मिलता। अगर लाइनमैन या एसडीओ को फोन करें तो उनके फोन बंद मिलते हैं। उच्चाधिकारियों के फोन व्यस्त मिलते हैं। इससे परेशान लोगों ने सड़क पर आकर विरोध जताना शुरू कर दिया है।
बहलबपुर के ग्रामीणों ने बिजली की मांग को लेकर रात साढ़े छह बजे हिसार चंडीगढ़ मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में बरवाला से पुलिस उपाधीक्षक ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया।
इसी तरह मिल गेट और बारह क्वार्टर के इलाके में बिजली कट की विकट स्थिति बनी हुई है। इससे गुस्साए क्षेत्रवासियों ने शाम को रायपुर रोड पर कैंची चौक पर जाम लगा दिया। कुछ देर में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझाने पर लोगों ने जाम खोला।
जनरेटर चलाकर भर रहे पेट्रोल और डीजल
बिजली के गुल रहने से छोटे शहरों, कस्बों और गांवों में दुकानदारों के कामकाज पर खासा असर पड़ा है। जनरेटर चलाकर काम करना महंगा भी पड़ रहा है। नारनौंद के लांबा फिलिंग स्टेशन के मैनेजर सतीश शर्मा ने बताया कि सारा दिन जनरेटर चलाकर पेट्रोल और डीजल की आपूॢत कर रहे हैं।