हिसार. जीजेयू में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला फुटबाल चैंपियनशिप के दूसरे दिन बुधवार को कुरुक्षेत्र की टीम ने शानदार जीत दर्ज की। कुरुक्षेत्र की खिलाड़ियों ने हर साढ़े तीन मिनट में एक के बाद एक गोल दाग नागपुर टीम खिलाड़ियों का हौसला पस्त कर दिए। नागपुर की टीम के खिलाड़ी कुरुक्षेत्र के गोल पोस्ट में एक बार भी फुटबाल पहुंचने में सफल नहीं हो पाए। कुरुक्षेत्र ने प्रतियोगिता की अब तक की सबसे बड़ी जीत 25-0 से दर्ज की। दर्शकों ने भी तालियों के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। दिल्ली- रांची और पटियाला- मदुरई की टीमें बराबरी पर रही। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने 61 गोल किए। दो दिन में ही खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वी टीमों पर 109 गोल किए। बुधवार को भी दर्शकों ने खेल का खूब आनंद लिया।
खिलाड़ियों के परिजन भी पहुंचे
खेल की दीवानगी परिजनों को भी गांव से खेल मैदान तक ले आई। बुधवार को पटियाला टीम की खिलाड़ी के परिजन मामनचंद, सुदेश और परिवार के अन्य सदस्य भिवानी से सुषमा और उसकी टीम का हौसला बढ़ाने जीजेयू पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का तालियों से हौसला अफजाई की। कुलपति डॉ. एमएल रंगा भी दिल्ली और रांची का मुकाबले के दौरान खेल देखने पहुंचे।
खिलाड़ी घायल
बुधवार को भी खेल मैदान में खेल के दौरान पटियाला टीम की खिलाड़ी तेजेंद्र कौर घायल हो गई। उन्हें अस्पताल लाया गया। मंगलवार को खेल के दौरान घायल वेलोर टीम खिलाड़ी की हालत में सुधार है। लेकिन अधिकारियों के अनुसार अभी वह कुछ मुकाबले नहीं खेल पाएगी।