भिवानी | ‘साहब! मेरी इज्जत का रेट तो रोजाना एक लाख रुपए बढ़ रहा है। चार दिन पहले मुझे साध्वी के खिलाफ बयान न देने के लिए दो लाख का ऑफर आया था। शुक्रवार को मेरी इज्जत की कीमत सात लाख तक पहुंच चुकी है। मगर मैं बाजारू नहीं, जो इस तरह अपनी इज्जत उछलने के बाद चुप बैठ जाऊं। मैंने साध्वी के खिलाफ सबसे पहले जो बयान दिया था मैं आज भी उस पर कायम हूं।’
यह बात दादरी के कृष्ण प्रणामी आश्रम में यौनाचार का शिकार हुई युवती ने शुक्रवार को बाल भवन में पत्रकारों से कही। पीड़िता ने दो दिन की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस दौरान साध्वी काे गिरफ्तार नहीं किया तो वह कुछ भी कर सकती है।
आश्रम में एक युवती के साथ हुए यौनाचार मामले में रोजाना नया मोड़ आ रहा है। इसमें कभी साध्वी अपने आपको पाक साफ बता रही है तो कभी उसके पक्ष में लोग पुलिस से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस पीड़ित युवती से कई बार बयान लेने के अलावा उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर चुकी है। शुक्रवार को युवती ने साध्वी पर आरोप लगाया कि वह अपने चेलों के माध्यम से उसकी इज्जत के रेट लगा रही है। पुलिस उससे तीन घंटे बंद कमरे में बात कर चुकी है और उसने अपना वही बयान दिया है, जो उसने 27 नवंबर को दिया था तो फिर एक्शन क्यों नहीं लिया जा रहा। पीड़िता ने कहा कि वह चंडीगढ़ में डीजीपी के सामने भी बयान दे चुकी है।
एसआईटी सदस्य वर्मा ने दिया इस्तीफा : जांच के लिए गठित की गई स्पेशल इंवेस्टिेगेशन टीम के सदस्य सुशील वर्मा ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र चाइल्ड वेलफेयर समिति की चेयरमैन राजबाला श्योराण को दिया है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा उन्होंने जांच का काम सही दिशा में नहीं चलने के कारण दिया है। टीम में डीएसपी अमित भाटिया को चेयरमैन नियुक्त किया गया था।