हिसार. शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनी ग्रीन पार्क के मोड़ पर नकाबपोश लुटेरों ने पुलिस कर्मचारी से चार लाख रुपये छीन लिए। सेशन जज के निवास पर गार्द में तैनात ईएएसआई बंसीलाल दो लाख रुपये डाबड़ा चौक स्थित पीएनबी बैंक से लाए थे। दो लाख रुपये अपनी बेटी से लिए थे। ये रुपये उन्हें किसी को देने थे।
पीछे से आए बाइकर्स पॉलीथिन में लिपटी नोटों की गड्डी ईएएसआई के हाथ से छीन कर भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मूलरूप से भिवानी के रहने वाले 55 वर्षीय बंसीलाल सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सेशन जज हाउस पर अपनी ड्यूटी के लिए पैदल जा रहे थे। ग्रीन पार्क की तरफ जाते समय एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश आए और ईएएसआई के हाथ से नोटों का पॉलीथिन छीन कर भाग गए। पुलिसकर्मी ने शोर भी मचाया।
मगर, जब तक कोई कुछ समझता बाइकर्स फरार हो चुके थे। इ ईएएसआई ने राहगीरों की मदद से लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। स घटना की सूचना ईएएसआई ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। देर शाम तक पुलिस बाइकर्स को तलाशती रही। पीएलए चौकी प्रभारी रामोतार ने बताया कि लूट की वारदात की सूचना मिली है। पीड़ित ईएएसआई बंसीलाल की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। इलाके में बाइकर्स की तलाश शुरू कर दी गई है।
बेटी छोड़ आती तो नहीं लुटते ईएएसआई
पीएलए में रहने वाली ईएएसआई की बेटी उन्हें मटका चौक पर छोड़ कर आगे चली गई। उन्हें किसी काम से जाना था। इसके बाद ईएएसआई को सेशन हाउस तक पैदल जाना पड़ा। अगर, बेटी उन्हें सेशन जज के हाउस तक छोड़ आती तो शायद ईएएसआई नहीं लुटते। लुटेरे बैंक से ही ईएएसआई के पीछे लगे थे। यहां उन्हें नकदी लेते देखने के बाद वे उनके पीछे हो लिए।
शहर में की नाकाबंदी
पुलिस कंट्रोल रूम में लूट की वारदात की सूचना मिलने के बाद शहर में नाकाबंदी कर दी गई। बाइक सवारों की पड़ताल की गई। मुंह ढंक कर जाने वाले बाइक सवारों को रोक कर उनके लाइसेंस और गाड़ी के दस्तावेज जांचे गए। देर शाम तक यह सिलसिला जारी रहा।