चालक राजेश ने बताया कि बुधवार शाम पांच बजे वैश्य कॉलेज के सामने चार-पांच छात्र बस में चढ़ गए थे। ये छात्र पायदान पर खड़े होकर सीटी बजाकर लड़कियों पर फब्तियां कस रहे थे। परिचालक कुंभा निवासी विक्रम ने इनको अंदर बैठने के लिए कहा, मगर ये नहीं माने। परिचालक ने इनसे कहा कि टिकट लोगे या फिर पास है। इतना कहने पर युवक बोले कि ‘तन्नै हम दिखावांगे की टिकट सै या बस पास।’ ये छात्र बवानीखेड़ा स्टाॅप पर नीचे उतर गए। गुरुवार सुबह उन पर हमला कर दिया।
साढ़े 7 बजे जैसे ही बस बवानीखेड़ा की चुंगी पर पहुंची तो दुकान पर डंडों व हथियारों से लैस छात्र बस पर टूट पड़े। छात्रों ने डंडों से बस के शीशे तोड़ डाले। परिचालक पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर भागने की हड़बड़ी में चाकू मौके पर ही छोड़ फरार हो गए। घायल विक्रम को जिला सामान्य अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने मारपीट पर आक्रोश जताया है।
छात्रा के घर जाकर मांगी माफी रोहतक में बुधवार को दो बहनों के समर्थन में एसडीएम को ज्ञापन देकर जा रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले ने माफी मांग ली है। पूर्व सीएम के गांव सांघी की छात्रा के साथ उसके गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ की थी। गुरुवार को परिजनों के साथ पहुंचे युवक ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। छात्रा ने कार्रवाई नहीं करने की बात कही है।
रोहतक पीजीआई में एक और मामला
रोहतक पीजीआई के वार्ड 12 में दाखिल एक महिला मरीज से एक सामाजिक संस्था के कर्मी की ओर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। निदेशक चांद सिंह ढुल ने आठ दिसंबर के मामले में ड्यूटी पर तैनात नर्स से इसकी रिपोर्ट मांगी है। संस्था के अध्यक्ष विजय खुराना ने आरोपी को सस्पेंड कर दिया है। जांच जारी है।
प्रदेश में वेब बेस टैक्सी सेवा पर रोक
प्रदेश में वेब बेस टैक्सी सेवा देने वाली कंपनियों को बंद कर दिया गया है। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अशोक खेमका ने जारी अपने निर्देश में रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सेक्रेटरी से तुरंत ही ऐसी कंपनियों काे बंद करने व उनका लाइसेंस कैंसिल करने को कहा है। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि ऐसी किसी भी टैक्सी की सेवाएं न ले जिसके पास लाइसेंस न हो।
प्रदेश में 2007 में रेडियो कैब योजना बनाई थी। गुड़गांव, फरीदाबाद और पंचकूला में 50 किलोमीटर के दायरे में कैब चलाने के लिए ऑपरेटरों को परमिट दिए गए थे।
फरीदाबाद : दो नामजद
कोतवाली थाना क्षेत्र में डॉक्टर के क्लीनिक में मेडिकल कंपनी से आई एक कर्मचारी (एमआर) के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुमिन गोयल और भूपेश रावत के खिलाफ केस दर्ज किया है।