पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पूरा परिवार सोता रहा चैन की नींद, उधर चोरों ने साफ कर लिया लाखों का सोना

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हांसी. चोरों ने पुलिस के तमाम दावों की पोल खोलते हुए शुक्रवार की रात एक और बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया। चेता मोहल्ला निवासी एक स्वर्णकार ईश्वर सोनी के घर से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण तथा नकदी चुरा ली। घटना के वक्त मकान मालिक परिवार के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सदर बाजार स्थित ईश्वर सिंह एंड संस के स्वामी चेता मोहल्ला निवासी ईश्वर सोनी अपने परिवार के साथ सो रहे थे। उनका एक पुत्र तथा पुत्रवधु घर की उपरी मंजिल पर सो रहे थे। चोरों ने गली में खुलने वाली रसोई की खिड़की की ग्रिल को उखाड़ कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर में बने कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखें आभूषण चोरी कर लिए।

चोरों ने ऊपर की मंजिल में बने कमरे में रखी दो अलमारियों को भी तोड़ कर उनमें रखें लाखों रुपये के आभूषणों तथा बीस हजार रुपये की नकदी निकाल कर रसोईघर में ले आए। अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां चोरों ने डिब्बे में रखें सोने व चांदी के आभूषणों को अलग कर लिया तथा आर्टिफिशियल ज्वैलरी को वहीं छोड़ दिया।

ईश्वर सोनी ने बताया कि चोर उनके घर में रखें 20 तोले सोने की चार चूड़ियां, दो मंगलसूत्र, 6 अंगूठियां, कानों के चार जोड़ी टॉपस, 2 टीका, एक नथ, गले की दो चेन, 3 सोने के लॉकेट, एक किलो चांदी के आभूषणों के अलावा अलमारी में रखें बीस हजार रुपए चुरा कर ले गए। चुराए गए सामान की कीमत 7 लाख रुपये आंकी गई है।

सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी विद्यानंद एवं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया। सूचना मिलने पर वार्ड नंबर 9 के पार्षद अनिल बंसल, जयभगवान गर्ग तथा कई अन्य समाजसेवी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस से चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद करने की मांग की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।