पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमहेंद्रगढ़/ सेहलंग. गांव स्याना में पंचायत द्वारा गोत्र विवाद को लेकर एक परिवार के सामाजिक बहिष्कार किए जाने के मामले ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। गांव की बणी में स्थापित बाबा ढाब मंदिर में पूजा करने से वर पक्ष को ग्रामीणों ने रोक दिया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना मिलने पर महेंद्रगढ़ प्रशासन के साथ पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार व बीडीपीओ की गाड़ियों पर पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा डालने व सरकारी सम्पति को नष्ट किए जाने के मामले में 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया: गुरुवार को वर पक्ष के कोसलिया गौत्र के राजबीर जब गांव की बणी में स्थित बाबा ढाब मंदिर में अमावस्या पर पूजा अर्चना करने जा रहे थे तो गांव वालों ने उन्हें मंदिर में जाने से रोक दिया। राजबीर ने पुलिस व प्रशासन को दी तथा गुहार लगाई कि नव दंपति भी पूजा अर्चना के लिए मंदिर में आएंगे।
प्रशासन की ओर से सुबह 10 बजे तहसीलदार मनबीर सिंह, कनीना थाना प्रभारी इन्द्रसिंह चंदेला मौके का जायजा लेने मंदिर में पहुंचे। परंतु विरोध करने वाले लोगों की अधिक संख्या होने के कारण दोनों अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलवाया। गांव में पहुंचे एसडीएम सतीश यादव व डीएसपी विजय सिंह जाखड़ गांव की पंचायत व मौजूद दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान वहां खड़ी उग्र भीड़ ने उपद्रव शुरू कर दिया।
एसडीएम, तहसीलदार व बीडीपीओ की गाड़ियों पर पथराव करके बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर दोनों अधिकारी अपनी-अपनी गाड़ियां लेकर वापस लौट आएं।
ये है मामला
स्मरण रहे कि 3 मई को स्याना निवासी देवेन्द्र कुमार के बेटे संदीप की शादी बैरावास की ज्योति के साथ महेंद्रगढ़ में सम्पन्न हुई। गांव स्याना में सांप गौत्र का खेड़ा के अधिकांश परिवार हैं। जबकि अन्य गोत्रों के कुछ ही घर है। कोसलिया गौत्र से संबंध रखने वाले संदीप कुमार की शादी जब बैरावास निवासी सांप गौत्र की ज्योति से तय हुई। इसका ग्राम पंचायत ने विरोध किया। तमाम विरोध के बावजूद पुलिस व प्रशासन के हस्तक्षेप से यह विवाह 3 मई को बिना किसी विवाद के सम्पन्न हुआ।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.