हिसार। गांव गुढा के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पानी की डिग्गी में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाने हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने तक काम रोक दिया जाए। इससे पहले भी ग्रामीण मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेज चुके हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि कुछ युवा काम में बाधा पहुंचा रहे हैं।
ग्रामीण रवि गट्टानी, पालाराम पंच, धीर सिंह पंच, अशोक धतरवाल, पवन दूहन, मदन आदि ने बताया कि ठेकेदार निर्माण सामग्री में कोताही बरत रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया निर्माण से लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। जब सरकार काम के पूरे पैसे दे रही है तो काम सही से क्यों नहीं किया जा रहा है। इसके लिए वे कई बार विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर चुके हैं लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले को लेकर वे सीएम के नाम एक ज्ञापन भी भेज चुके हैं। इस बारे में सोमवार को डीसी से मिलकर शिकायत देंगे।
काम सही किया जा रहा है : ठेकेदार
ठेकेदार सूबे सिंह का कहना है कि उनका काम सही किया जा रहा है। इस मामले की जांच पहले ही हो चुकी है। काम को रोका नहीं जाएगा। इस बारे में वे उच्च अधिकारियो से मुलाकात कर मामले से अवगत करवाएंगे ताकि किसी प्रकार का अवरोध पैदा ना हो सके।
कमेटी बना दी गई है : एक्सईएन
विभाग के एक्सईएन युद्धवीर सिंह मलिक का कहना है कि गांव में कमेटी बनाई गई है। कुछ युवा काम में बाधा डालना चाहते हैं। उनसे कहा गया है कि किसी प्रकार की दिक्कत है तो वे कमेटी में शामिल हो कर काम करवा सकते हैं। किसी प्रकार का कोई घटिया माल प्रयोग नहीं किया जा रहा है। एसडीएम मामले की जांच कर चुकी है। जांच रिर्पोट सही पाई गई है।
सही चल रहा है काम : एसडीओ
विभाग के एसडीओ एसबी शर्मा का कहना है वे शनिवार को गांव में मौके का मुआयना करके आए हैं। काम में सही मेटिरियल का प्रयोग किया जा रहा है। युवा लोग काम में रुकावट डालना चाहते हैं।