हिसार. हुडा के लैंड एक्विजीशन ऑफिस के क्लर्क देवेंद्र सिंह को विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। क्लर्क ने सिरसा के खैरपुर निवासी दर्शन से तीन हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। यह राशि उसकी अधिगृहीत जमीन के मुआवजे की एवज में मांगी गई। क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्जकर लिया है।
खैरपुर के दर्शन ने गुरुवार सुबह विजिलेंस को शिकायत दी थी। इसमें हुडा क्लर्क देवेंद्र सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। इस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने छापा मारने की तैयारी शुरू की। उपायुक्त ने नायब तहसीलदार वीरेंद्र गिल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। विजिलेंस इंस्पेक्टर भूपेंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम हुडा दफ्तर पहुंची। यहां दर्शन ने पांच पांच सौ के छह नोट क्लर्क देवेंद्र सिंह को दिए। बाद में विजिलेंस टीम ने रंग लगे नोटों सहित उसे पकड़ लिया। इस टीम में एसआई गोपाला, राजकुमार, बलराम, जयपाल, हेडकांस्टेबल नरेश, जगदीश, इंद्र, रामफल और सिपाही इंद्रपाल शामिल थे। दर्शन ने बताया कि उसकी सिरसा के खैरपुर की जमीन हुडा ने अधिगृहीत कर ली। इसके मुआवजे के 2.69 लाख रुपये हुडा के पास बकाया थे। इसका चेक बनवाने के लिए मैं कई बार वहां जा चुका था। क्लर्क देवेंद्र सिंह चेक बनाने के नाम पर तीन हजार रुपये मांग रहा था।