हिसार. इनेलो के युवा नेता दुष्यंत चौटाला ने सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि सीएम ने कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं को ‘माइग्रेट बर्ड’ कहा है। उन्होंने इस पर करारा जवाब देते हुए कहा कि पंछी भी उस डाल पर बैठते हैं जो अच्छी होती है। कांग्रेस की डाल और पेड़ अब सूख चुका है। वह अब उन्हें नुकसान पहुंचाने लगा है, इसलिए वहां के नेता कांग्रेस को छोड़कर इनेलो में शामिल हो रहे हैं। वह भी जानते हैं कि इनेलो में उन्हें पहले भी सम्मान मिलता रहा है आगे भी मिलेगा।
इनेलो के युवा नेता दुष्यंत चौटाला बुधवार को दिल्ली रोड स्थित शीश महल के पास आयोजित परिवर्तन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में हिसार युवा कांग्रेस के पूर्व प्रधान तरुण जैन के अलावा, नवीन ठाकुर, विपिन गोयल, अनिल गर्ग, अमित जैन ने अपने साथियों समेत इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। दुष्यंत ने इन युवाओं को पार्टी का झंडा देकर व हाथ में हरे रंग का बैंड पहनाकर स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए दुष्यंत ने कहा कि युवा वर्ग इनेलो से जुड़ने को आतुर है। जगह- जगह से युवा वर्ग की ओर से पार्टी को मजबूत करने के लिए सहयोग देने का प्रस्ताव आ रहा है। इनेलो पार्टी भी युवा वर्ग का पूरा सम्मान करती है। पार्टी में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाता है। युवा वर्ग सच्चाई के साथ चलता है। आज हर वर्ग कांग्रेस की नीतियों से तंग आ चुका है। वहां किसी कार्यकर्ता की नहीं सुनी जाती। न ही सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि आज इनेलो में कांग्रेस के कई दिग्गज शामिल हो रहे हैं, जिससे संगठन और मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज इस सम्मेलन में जो युवा पार्टी के साथ जुड़े हैं। उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। यहां संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। सम्मेलन को राज्य सभा सदस्य रणबीर गंगवा, इनेलो के जिला प्रधान उमेद लोहान, शहरी प्रधान हनुमान ऐरन, तरुण जैन, नवीन ठाकुर, विपिन गोयल, अमित जैन ने भी संबोधित किया। पार्टी में शामिल हुए इन युवा नेताओं ने कहा कि हम पार्टी को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।