हिसार। तलवंडी राणा के पास शनिवार सुबह एक स्कूटी पर सवार महिला को ट्रैक्टर ट्राली ने चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सड़क पर पड़ी महिला को देखकर एमजी क्लब मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य गगनदीप ने कार रोककर एंबुलेंस के लिए 102 नंबर पर फोन किया। करीब एक आधा घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची तो इसके बाद उन्होंने खुद हादसे में घायल महिला को अपनी कार से सिविल अस्पताल पहुंचाया।
रायपुर रोड के तिलकनगर निवासी जेबीटी छात्रा रेखा शनिवार सुबह करीब 9 बजे स्कूटी से तलवंडी राणा से हिसार की तरफ आ रही थी। इसी बीच रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ट्राली ने उसे चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौैके से भाग गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एमजी क्लब मैनेजमेंट कमेटी के गगनदीप ने महिला को तड़पता देख एबुलेंस को फोन किया।
लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो गगनदीप ने महिला को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान गगनदीप ने ट्रैक्टर का पीछा कर चालक काे पकड़ लिया। उन्होंने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर कार में बैठा लिया और महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया। सिविल अस्पताल में भर्ती रेखा की हालत में अब सुधार है।
(फोटो- घायल जेबीटी छात्रा रेखा सिविल अस्पताल में भर्ती। साथ में खड़े रेखा को अस्पताल लाने वाले एमजी क्लब मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य गगनदीप और रेखा की मां।)