हिसार। सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल के खिलाफ बिगुल बजाने वाली हिसार बार एसोसिएशन जेल में बंद रामपाल के समर्थकों की पैरवी के लिए वकील मुहैया कराएगी। पैरवी करने वाला वकील बिना फीस लिए पैरवी करेगा। ये बातें शनिवार को बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र ढुल और सचिव अमित सैनी ने कही।
प्रधान सुरेंद्र ढुल ने कहा कि रामपाल व उनके अनुयायी वकील की दरख्वास्त एसोसिएशन को दें। इसके बाद बार एसोसिएशन की लीगल एड के माध्यम से बिना फीस पैरवी के लिए वकील मुहैया कराया जाएगा। हिसार बार एसोसिएशन ने 20 दिसंबर को रामपाल व उसके अनुयायियों की पैरवी न करने का फैसला लिया था।
बार एसोसिएशन की लीगल एड पैनल में 50 वकील शामिल हैं। सुरेंद्र ढुल ने बताया कि ये वकील हर तरह के मुकदमे की पैरवी करने में सक्षम हैं। इशनिवार शाम तक एसोसिएशन के पास जेल में बंद अनुयायियों की 400 अर्जी आ चुकी हैं। रामपाल सहित उनके 930 अनुयायी देशद्रोह सहित अन्य मामलों में बंद हैं। शनिवार को पुलिस ने रामपाल से मिलने आई उसकी बहन किरसोला निवासी राजकला समेत 4 को गिरफ्तार किया है।
यहां लगाए दरख्वास्त
> जिस न्यायालय में उनकी पेशी हो।
> हिसार कोर्ट परिसर स्थित लीगल एड कार्यालय में।
> आरोपी जिस जेल में बंद है, उस जेल अधीक्षक को दरख्वास्त दे सकते हैं।
> जिला बार एसोसिएशन के कार्यालय में दरख्वास्त लगा सकते हैं।
यहां करें शिकायत- बार एसो. के सचिव अमित ने बताया कि कोई वकील पैरवी के लिए फीस मांगता है तो लीगल एड कार्यालय और बार एसो. कार्यालय में शिकायत दे सकते हैं।