पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • MG Club's First Show In The Morning Of Msg

एमएसजी के लिए दर्शकों से ज्यादा पुलिस, एमजी क्लब में पहला शो सुबह

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार। डेरा प्रमुख संत गुरमीत सिंह राम रहीम की बहुप्रतीक्षित फिल्म एमएसजी : द मैसेंजर शुक्रवार को रिलीज होगी। इस फिल्म के विरोध में सिख संगठनों और इनेलो सहित कई अन्य संगठनों ने चेतावनी दे रखी है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सिनेमाघरों में दर्शकों से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात करने के प्रबंध किए हैं। दोनों सिनेमाघरों में 400 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सिनेमाघरों में धारा 144 लागू रहेगी। एमजी क्लब में 120-120 सीटों वाले दो ओडी हैं, वहीं सनिसटी में एक ओडी में 205 तो दूसरे में 372 सीटें हैं।
शो के मद्देनजर शहर में 11 अतिरिक्त पुलिस नाके लगेंगे। चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा। डीसी और एसपी ने अपने-अपने स्तर पर सुरक्षा प्रबंध को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं। एसपी ने शहर के दोनों सिनेमाघरों में शो के दौरान 200-200 पुलिस कर्मी तैनात किए हैं।
एमजी क्लब में सुबह 7 बजे पुलिस मोर्चा संभाल लेगी, वहां पहला शो पौने आठ बजे शुरू होना है। रात करीब एक बजे फिल्म का आखिरी शो खत्म होने तक पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस के अधिकारी चाहते थे कि सुरक्षा के लिहाज से लेटनाइट शो न दिखाया जाए, मगर बाद में उसे हरी झंडी दे दी गई।
सिनेमाघरों में सुरक्षा के मद्देनजर डीएसपी, निरीक्षक और दाे पुलिस बल की कंपनियां तैनात की गई हैं। शहर के दोनों सिनेमाघर सनसिटी और एमजी क्लब की सुरक्षा का जिम्मा एक-एक डीएसपी, एक-एक निरीक्षक और एक-एक पुलिस बल कंपनी पर होगा। सिनेमाघरों में प्रवेश करने वालों की भी जांच की जाएगी। साथ ही सिनेमाघरों के अंदर और बाहर सादी वर्दी में पुलिस बल तैनात होगा।

मधुबन से बुलाई पुलिस बल कंपनी, 11 अतिरिक्त नाके

मधुबन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर शहर में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है। इस कंपनी के सदस्य अलग-अलग हिस्सों पर नजर रखेंगे। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता चंद्रभान ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर 11 अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। इनमें डाबड़ा चौक, फव्वारा चौक, परिजात चौक, जिंदल चौक और बस स्टैंड सहित अन्य जगहों पर नाके लगाए गए हैं।

एमजी क्लब ने रुझान देख पहली बार बदला शेड्यूल

ऐसा पहली बार होगा, जब सिनेमाघर में किसी फिल्म का पहला शो सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर शुरू होगा। एमजी क्लब ने फिल्म के प्रति डेरा प्रेमियों के रुझान को देखते हुए फिल्म के शेड्यूल में परिवर्तन किया है। सनसिटी में पहला शो तय समय सुबह 9.30 बजे शुरू होगा।

डेरा प्रमुख की शुक्रवार को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली फिल्म दी मैसेंजर का विरोध कई सिख संगठनों, राजनीतिक पार्टियों और अन्य संगठनों की ओर से किए जाने पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए है। सिनेमाघरों में अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए धारा 144 लागू की गई है।

इनेलो कार्यकर्ता आज करेंगे पारिजात चौक पर प्रदर्शन

फिल्म के रिलीज होने के विरोध में इनेलो के कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे पारिजात चौक पर प्रदर्शन करेंगे। इनेलो के युवा नेता राजेंद्र चुटानी ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट करेंगे। कार्यकर्ताओं को सुबह 10 बजे चौक पर पहुंचने का संदेश भेजा गया है।
रॉय पर भारी एमएसजी : द मैसेंजर

फिल्मी पर्दे पर शुक्रवार को अनोखा मुकाबला होगा। डेरा प्रमुख संत गुरमीत सिंह राम रहीम की बहुप्रतीक्षित फिल्म एमएसजी द मैसेंजर और मेलोडी ब्वॉय के नाम से मशहूर स्टार रणबीर कपूर की फिल्म रॉय एक साथ रिलीज होगी। वैसे फिल्म रिलीज होने से पहले ही डेरा प्रमुख भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। सिनेमाघर में द मैसेंजर के शो अधिक है, रॉय के कम। एमजी क्लब में मैसेंजर के पहले दिन सात शो होंगे जबकि रॉय के पांच। क्लब में द मैसेंजर का पहला शो सुबह 7.40 बजे होगा। रॉय का 10 बजकर 50 मिनट पर। उस वक्त मैसेंजर का तीसरा शो शुरू हो चुका होगा।
3 दिन की एडवांस बुकिंग

डेरा प्रमुख की फिल्म के शो एडवांस में बुक हो रहे हैं। सनसिटी के मैनेजर अशोक कुमार ने बताया कि पहले तीन दिन के सभी शो बुक हो चुके हैं। शाम तक चार शो चलेंगे। दूसरी तरफ एमजी क्लब के एडमिस्ट्रेटर गगन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार के सभी शो बुक हैं। शनिवार के आधे दिन की बुकिंग है।
आलम यह है कि एमएसजी के पहले दिन की टिकट नहीं मिल रही है। पटेल नगर निवासी हरदीप नारंग ने बताया कि वह गुरुजी की फिल्म पहले दिन देखना चाहती थी, टिकट नहीं मिली। दूसरी तरफ रॉय फिल्म को देखने के लिए किसी ने भी एडवांस बुकिंग नहीं कराई है।
(फोटो- सनसिटी में लगे एमएसजी: द मैसेंजर के पोस्टर देखते लोग।)