पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसिवानी मंडी. सात दिन पहले अपनी मर्जी से घर से जाने और कथित रूप से अपने नाबालिग प्रेमी के साथ रहने के बयान देने वाली दरियापुर गांव की 12 वीं कक्षा की छात्रा पूर्व में दिए गए अपने बयानों से मुकर गई है। अदालत के निर्देशों पर गुरुवार को घर पहुंची छात्रा शुक्रवार को पुलिस के साथ अदालत में दोबारा पेश हुई और इस मामले में आरोपी युवक अनिल सहित 4 लोगों पर सामूहिक रूप से दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
उसने बयान दिए है कि युवक अपने साथियों की मदद से उसे अगवा कर ले गया और सभी ने उसके साथ हरियाणा व राजस्थान में कई जगहों पर जबरन दुष्कर्म किया।
इस दौरान छात्रा को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसके साथ रेप की पुष्टि के बाद पुलिस ने छात्रा के पड़ोसी युवक अनिल सहित 4 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले का मुख्य आरोपी अनिल कुमार नाबालिग है और सरकारी रिकार्ड में उसकी उम्र 17 साल 3 माह है जबकि लड़की बालिग है। शुक्रवार को छात्रा सिवानी थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस छात्रा को दोबारा बयान दिलवाने के लिए भिवानी ले गई और अदालत में उसके बयान दर्ज करवाए। अदालत में छात्रा ने बयान दिया है कि पहले वह आरोपियों की तरफ से सही बयान देने पर जान से मारने की धमकी के दबाव में थी।
पड़ोसी युवक की करतूत
छात्रा के अनुसार उसका पड़ोसी युवक अनिल अपने साथी चांदीराम, गांव में डॉक्टरी का काम करने वाले बूरांवासी सतीश और एक अन्य युवक 30 अप्रैल की रात को घर में उसे अकेला पाकर घुसे थे और जबरन एक कार में बैठा कर अगवा कर ले गए। उसे हरियाणा व राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर रखा गया जहां सभी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और कहा कि अगर उनके खिलाफ पुलिस या अदालत में बयान दिए तो वे उसे जान से मार देंगे।
छात्रा के अनुसार इसी धमकी की वजह से वह अदालत में असलियत नहीं बता पाई। गौरतलब है कि 30 अप्रैल की रात को गांव दरियापुर से 12 वीं कक्षा की एक छात्रा घर से लापता हो गई थी। 1 मई को युवती के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर पड़ोस के ही एक युवक पर लड़की के अपहरण का मामला दर्ज करवाया था।
जयपुर से मिली थी
3 मई को पुलिस ने छात्रा को जयपुर से बरामद कर लिया था और उसे सीधा भिवानी ले जाकर अदालत में पेश किया व उसके 164 के बयान करवाए। अदालत में छात्रा ने बयान दिए हैं कि वह अपनी मर्जी से गई थी और वापस अपने घर नहीं जाना चाहती। उसने अदालत में साफ तौर पर कहा कि उसका पिछले 4 सालों से अनिल के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और अब वह उसके साथ ही रहना चाहती है।
लड़की के घर जाने से मना कर दिए जाने और लड़के के नाबालिग होने के कारण तहसीलदार संजय बिश्नोई ने उसे नारनौल स्थित शॉर्ट स्टे होम भिजवा दिया था। इसी बीच गुरुवार को छात्रा ने अपने घर लौटने का बयान दिया तो उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। मामले के जांच अधिकारी एवं एएसआई देवराज सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- तहसीलदार के सामने दिए बयान में प्रेमी को दी थी क्लीन चिट
- पुलिस ने चार युवकों पर दर्ज किया मामला
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.