हिसार। शहर को स्वच्छता का संदेश देने के लिए शनिवार को सब्जी मंडी चौक से शनि मंदिर मार्केट तक सफाई का महाअभियान चलाया गया। सब्जी मंडी संघर्ष समिति, आढ़तियों, व्यापारियों और दुकानदारों ने गंदगी मिटाने के लिए करीब ढ़ाई घंटे तक झाड़ू चलाया। कूड़ा इकट्ठा करके डस्टबीन तक पहुंंचाया। साथ ही संकल्प लिया कि सफाई कराना सिर्फ नगर निगम का काम नहीं है, हम सभी स्वच्छता भविष्य में भी रखेंगे।
सभी व्यापारी, दुकानदार, संघर्ष समिति के पदाधिकारी सब्जी मंडी चौक पर इकट्ठे हुए। सबसे पहले सब्जी मंडी चौक को साफ किया। इन्होंने इस दौरान यह भी तय किया कि सभी दुकानदार चौक को भविष्य में भी स्वच्छ रखेंगे। इसके बाद शुरू हुआ सफाई महाअभियान।
चौक से शनि मंदिर के बीच में जो भी कचरा पड़ा था, उसे उठाने के तसलों और फावड़े लेकर एक टीम अलग थी। झाड़ू लगाने वाले और कचरा इकट्ठा करने वालों की टीम अलग थी। करीब 50 से अधिक सदस्यों की टीम ने अभियान चलाते हुए करीब चार ट्रॉली कचरा इकट्ठा किया।
इन्होंने झाड़ू थाम चलाया अभियान
सब्जी मंडी शिफ्टिंग संघर्ष समिति के प्रधान राजेंद्र गोदारा, पूर्व प्रधान राजेंद्र सैनी, शनि मंदिर मार्केट कमेटी के प्रधान रामवीर सैनी, प्रहलाद सैनी, सरदार सुखविंदर सिंह, कृष्ण सैनी, संजय सैनी, डाॅ. सजीव खट्टर, राजेंद्र, विजय डेयरी के प्रीतम, सुमित, अमन, राजकुमार, बलजीत, सुभाष, प्रीतम सेन, सतीश जॉली, शेर सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
निगम ने भेजे कर्मचारी व ट्रॉली
नगर निगम ने सफाई अभियान में सहयोग दिया। संघर्ष समिति और व्यापारियों की मांग पर निगम के अफसरों ने दो ट्रॉली, 35 झाड़ू, आधा दर्जन कर्मचारी और इतनी ही तादाद में हाथ की रेहड़ियां भेजी थीं। निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर शील कुंडू, सुभाष सैनी भी मौजूद रहे।
इन्होंने लिया संकल्प
हमने अपने क्षेत्र में सफाई कराने के अलावा भविष्य में गंदगी न हो, इसके लिए निगरानी कमेटी गठित की है। जोकि गंदगी फैलाने वालों को गांधीवादी तरीके से समझाएंगे कि हम कितनी बड़ी गलती कर रहे हैं।
राजेंद्र सैनी, संघर्ष समिति सदस्य
हम सभी दुकानदारों, व्यापारियों, आढ़तियों और स्थानीय जनता ने सामूहिक तौर पर जिस तरीके से सफाई अभियान चलाया। उसी तरह हम हमेशा स्वच्छता रखेंगे।
रामवीर सैनी, प्रधान, शनि मंदिर मार्केट