पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

असामाजिक तत्वों से तंग होकर बीड़ फार्म के लोग पहुंचे लघु सचिवालय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हांसी. असामाजिक तत्वों से परेशान बीड़ फार्म के लोगों ने लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और सचिवालय में जमकर शोर-शराबा किया। शोर-शराबा सुनकर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी कार्यालयों से निकलकर बाहर आए और उनसे बात की। लोगों ने अपनी समस्या दोहराई। अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। जिस पर लोगों ने करीब एक घंटे बाद सचिवालय को छोड़ा।

गुस्साए लोगों का नेतृत्व नंबरदार बलवंत सिंह और बलराज सिंह कर रहे थे। उनके साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी शामिल थी। लोगों ने आरोप लगाया कि फार्म में गुंडाराज स्थापित हो गया है। असामाजिक तत्व लोगों को आए दिन परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर को असामाजिक तत्वों ने गांव के शिव कुमार को घेरकर चोट मारी। अगले दिन आरोपियों ने उनके प्लाट को घेर लिया और हाथापाई की। आरोपियों ने 40-50 अन्य लोगों को बुला लिया, जिनमें अधिकांश मोटर साइकिलों पर सवार थे। लोगों ने हिम्मत दिखाकर एक मोटर साइकिल को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि मोटर साइकिल को पुलिस के कब्जे में दिया हुआ है, लेकिन आरोपी अभी तक उन्हें धमकियां देने से बाज नहीं आ रहे। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस के ढुल-मुल रवैये के कारण ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत
का माहौल है।
एसडीएम ने डीएसपी से मिलने को कहा
शोर सुनकर एसडीएम योगेश मेहता अपने कार्यालय में चल रही मीटिंग छोड़कर बाहर निकले। उन्होंने लोगों से शिकायत डीएसपी को देने को कहा। एसडीएम को शिकायत की प्रति सौंपने के बाद लोग सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा के कार्यालय में पहुंचे।
कार्रवाई का आश्वासन मिला
डीएसपी ने लोगों से बात की और उनकी शिकायत को सुना। शिकायत सुनने के बाद उन्होंने लोगों को आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। उनके भरोसे पर लोग घरों को लौट गए, लेकिन जाते-जाते कार्रवाई न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दे गए।
लघु सचिवालय के बाहर नंबरदार बलवंत सिंह और बलराज सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते बीड़ फार्म के लोग।