पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बरवाला में पंप पर गोलीबारी और लूट की वारदात के विरोध में पेट्रोल पंप बंद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार। बरवाला में मेयर के देवर व पेट्रोल पंप मालिक हरिराम और सेल्समैन सुशील कुमार को गोली मारने के विरोध में हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने बुधवार को सभी पेट्रोल पंप बंद रखने का फैसला लिया है। दिन में इस ऐलान के बाद मंगलवार आधी रात से ही जिले के सभी पेट्रोल पंप बंद हो गए। बुधवार को पंपों पर तेल की बिक्री नहीं होगी।
गौरतलब है कि वारदात के बाद जिंदल अस्पताल के पार्क में पेट्रोल पंप मालिकों ने मंगलवार रात 12 बजे से बुधवार रात को 12 बजे तक पेट्रोल पंप बंद करने का ऐलान किया था। इसी मामले में हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन की एक बैठक मंगलवार शाम को जिमखाना स्थित कैफे इन में हुई। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सलाह के बाद बंद का फैसला लिया गया।
एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि पुलिस पेट्रोल पंप मालिकों को सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रही है। एसोसिएशन की ओर से पुलिस प्रशासन को बरवाला पेट्रोल पर हुई वारदात की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दी गई है। बुधवार की हड़ताल के बाद पुलिस प्रशासन को बदमाशों को पकड़ने के लिए 20 सितंबर तक का समय दिया जाएगा।
इसके बावजूद यदि पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाती है तो हिसार जोन के हिसार सहित फतेहाबाद, सिरसा, जींद और भिवानी में पेट्रोल पंपों को बंद रखा जाएगा। जिला प्रधान आनंद गोयल ने कहा कि जोन स्तरीय हड़ताल के बाद भी बदमाशों को नहीं पकड़ा गया तो एक सप्ताह बाद प्रदेश में पंपों को बंद रखने का आह्वान किया जाएगा।
वाहन चालकों की लगी रही भीड़
यह है मामला
सोमवार रात करीब 7.30 बजे बरवाला बस स्टैंड के समीप हरिराम फिलिंग स्टेशन पर एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप से लूटने आए थे। हरिराम और सेल्समैन सुशील के विरोध करने पर बदमाशों में से एक ने हरिराम और सुशील पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। दो गोली सुशील को लगी थी जबकि एक गोली हरिराम को।
चार दिन में लुटेरे नहीं पकड़े तो लंबी चलेगी हड़ताल : गोयल
हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि एक दिन की हड़ताल के बाद पुलिस प्रशासन को हरिराम और सेल्समैन सुशील कुमार पर गोली चलाने के अभियुक्तों को गिरफ्तारी के लिए 3 दिन का समय दिया जाएगा। यदि फिर भी बदमाश नहीं पकड़े गए तो हिसार जोन मतलब पांच जिलों में पेट्रोल पंप बद कर दिए जाएंगे।
पीसीआर व एंबुलेंस को छूट
एसोसिएशन ने फैसला लिया कि पुलिस गश्त में शामिल गाड़ियों और एंबुलेंस के लिए एक समय में डीजल खोल दिया जाएगा। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि एसपी के निवेदन के आधार पर पीसीआर को डीजल मुहैया कराया जाएगा।
एसपी अावास के पास बैंक अफसर की बेटी से चेन छीनी
बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब एसपी आवास के पास भी वारदात को अंजाम देने लगे हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक बैंक अधिकारी की बेटी के गले से सोने की चेन तोड़ ली और मौके से भाग गए। थाना सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि पीएलए निवासी बैंक अधिकारी की बेटी के गले से बाइक सवारों ने चेन तोड़ ली।
लड़की के अनुसार वह अपने भतीजे के साथ शॉपिंग के बाद स्कूटी से घर की तरफ आ रही थी। एसपी आवास के पास पहुुंची तो एक बाइक पर सवार दो युवक और गले में झपट्टा मारा। जब सोने की चेन छीनने का विरोध किया तो चलती बाइक से ही चेन छीन ली। इसके बाद वे धक्का देकर भाग। इसमें मेरा भतीजा स्कूटी से नीचे गिर गया जिसको चोटें आईं है।
लूट की बाइक पर आए थे बदमाश
बरवाला में हिसार की मेयर के देवर के पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने आए बदमाश पहले भी लूटपाट कर चुके हैं। पुलिस की अब तक जांच में सामने आया है कि तीनों नकाबपोश लुटेरे लूट की बाइक पर ही आए थे। दो दिन पहले ही बाइक लूटी गई थी। हालांकि पुलिस अभी तक लुटेरों तक नहीं पहुंच पाई। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जाएगी।

पुलिस को उम्मीद है कि छीना झपटी और हाथापाई के बीच बदमाशों में से किसी का नकाब हट गया हो और उसका चेहरा कैमरे में कैद हो गया हो। आईजी हनीफ कुरैशी ने बताया कि बरवाला पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने आए नकाबपोश लूट की बाइक पर ही आए थे। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश की जा रही है। बाइक के नंबर की इन्वेस्टिगेशन भी जारी है।
घायल हरिराम की हालत गंभीर
पेट्रोल पंप पर सोमवार शाम लूटपाट करने आए बदमाशों की गोली से घायल हुए पंप मालिक हरिराम राजलीवाला को मंगलवार तड़के तीन बजे परिजन गुड़गांव लेकर गए। वहां उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिसार की मेयर शकुंतला राजलीवाला के देवर हरिराम की हालत स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही ऑपरेशन कर गोली निकालने की कोशिश की जाएगा।

वहीं सेल्समैन सुशील की हालत में सुधार है। वह शहर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। हरिराम के बड़े भाई रतनलाल राजलीवाला ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक हरिराम के पेट के नीचे के हिस्से में गोली फंसने से पेशाब में लगातार खून आ रहा है। डॉक्टर मान रहे हैं कि कुछ परिस्थितियों में गोली को शरीर के अंदर ही छोड़ा जा सकता है।
बिगड़ती व्यवस्था पर सावित्री खफा
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सावित्री जिंदल जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद खफा हैं। उन्होंने बरवाला के पेट्रोल पंप व्यवसायी हरिराम राजलीवाला व उनके सेल्समैन सुशील कुमार पर लुटेरों के द्वारा गोली चलाने की वारदात की निंदा की है। सावित्री ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एसएन वशिष्ठ को फोन कर अपराधियों को जल्दी गिरफ्तार करने की मांग की है।
वहीं मंत्री ने गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती हरिराम से उनका हालचाल पूछा। जिंदल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा मेरी पहली प्राथमिकता है। कुछ लोग ऐसी घटनाएं कर हरियाणा को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो, हमें शांति-व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्व बर्दाश्त नहीं हैं।