(शहर में पीएलए कॉलोनी स्थित एक पेट्रोल पंप पर रस्सी बांधकर लगाए गए स्ट्राइक के नोटिस।)
हिसार. मेयर शकुंतला राजलीवाला के देवर व पेट्रोल पंप मालिक हरिराम और सेल्समैन
सुशील कुमार को बरवाला में पंप पर गोली मारने के विरोध में बुधवार को जिलेभर के करीब 154 पेट्रोल पंप बंद रहे। हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने लुटेरों को गिरफ्तार करने और पुलिस सुरक्षा की मांग उठाई। पुिलस प्रशासन की नाकामी के कारण हुई हड़ताल के कारण वाहन चालक तेल खरीदने के लिए भटकते रहे। जिले में बाहर से आने वाले वाहन चालकों को और ज्यादा परेशानी हुई। कुछ लोग तो सड़कों पर बिना पेट्रोल के सड़कों को वाहनों को खींचते नजर आए तो हड़ताल की जानकारी नहीं होने की वजह से बाहरी जिलों के लोगों के वाहनों की पंपों पर कतार दिखी।
हड़ताल के कारण जिलेभर में पेट्रोल और डीजल का करोड़ों रुपये का व्यापार प्रभावित रहा। हड़ताल के दिन पेट्रोल पंप मालिकों ने इमरजेंसी सेवाओं के लिए पेट्रोल और डीजल मुहैया कराया। इसके तहत एंबुलेंस और पीसीआर को ऑयल मुहैया कराया गया। अन्य सरकारी वाहनों का तेल बंद रहा।
गौरतलब है कि सोमवार रात करीब 7.30 बजे बरवाला बस स्टैंड के समीप हरिराम फिलिंग स्टेशन पर एक बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप से लूटने आए थे। हरिराम और सेल्समैन सुशील के विरोध करने पर बदमाशों में से एक ने दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती हरिराम की हालत में अब सुधार है। वहीं पंप पर हुई वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है।
आमजन की परेशानी उनकी जुबानी
नहीं पता था- पंप बंद हैं
लुधियाना निवासी ट्रक चालक हरवीर सिंह हिसार होते हुए दिल्ली के लिए इलेक्ट्रानिक सामान लेकर दोपहर करीब एक बजे पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर में दो स्थानों पर माल पहुंचाना था। इसलिए सोचा कि शहर में खाना खाया जाएगा और वहीं से डीजल भरवाएंगे। जिंदल चौक के पास पहुंचने से पहले ही पंप बंद होने की भनक लग गई। इसलिए सामान उतारा और दिल्ली वाले रूट पर गाड़ी बढ़ा दी।
दोस्त ने की मदद
सातरोड निवासी रामेंद्र चिकित्सक द्वारा लिखी दवा लेने नागोरी गेट के निकट एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। यह दवा यहां नहीं मिली तो अन्य स्थानों पर पहुंचे। सामान्य अस्पताल में अपने नौ वर्षीय बेटे का ब्लड टेस्ट कराया। उन्होंने पेट्रोल का आइडिया नहीं किया। जब पेट्रोल खत्म हुआ तब उन्हें ख्याल आया कि यहां किसी पंप पर पेट्रोल नहीं मिलेगा। इसलिए उन्होंने आजाद नगर में रहने वाले दोस्त संदीप को बुलाया। तब कहीं जाकर वह अपने घर तक पहुंचे।
आगे की स्लाइड में देखें तस्वीर