हिसार। अवैध निर्माण कराने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रवैया दिखाना शुरू कर दिया है। करीब पांच माह बाद निगम अफसरों ने बुधवार काे तीन निर्माणाधीन इमारतों काे सील कर दिया, जबकि जिंदल हॉस्पिटल रोड स्थित एक अन्य इमारत को नोटिस दिया।
दाेपहर दो बजे के बाद निगम के अफसरों और बिल्डिंग ब्रांच की टीम दिल्ली हाईवे स्थित रिलायंस फ्रेश की बगल में निर्माणाधीन बिल्डिंग पर दलबल के साथ पहुंची। जिस वक्त टीम पहुंची, उस दौरान बेसमेंट में निर्माण कार्य चल रहा था। यहां पर टीम ने काम को रुकवाकर नक्शे के विपरीत निर्माणाधीन बिल्डिंग को सील कर दिया।
इसके बाद निगम की टीम जाट कॉलेज रोड पर गई। निगम के अफसरों के मुताबिक यहां दो प्लॉटों को मिलाकर एक बिल्डिंग का निर्माण हो रहा था। इसलिए यहां भी बिल्डिंग को सील कर दिया। वहीं, विरोध की अशंका के चलते पुलिस बल मौके पर साथ रहा। कार्रवाई के दौरान ईओ एमएस जगत, सेक्रेटरी वीरेंद्र सिंह, एक्सईएन रामजीलाल, बिल्डिंग इंस्पेक्टर संदीप कुमार के अलावा निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सितंबर के बाद बड़ी कार्रवाई
निगम ने सितंबर माह के बाद एक बार फिर अवैध बिल्डिंगों को सील करने की बड़ी कार्रवाई की है। यूं तो निगम प्रशासन ने मोना मंडी में दुकान सील की, जबकि करीब एक दर्जन को नोटिस थमाए। इससे पूर्व निगम ने आठ सितंबर को दो बिल्डिंगों को सील किया था, जबकि विधानसभा चुनाव की 12 सितंबर को आचार संहिता लगी थी, इसी दिन चार बिल्डिंगों को सील किया था।
उपायुक्त बोले, कार्रवाई का हर्जाना भी गलती करने वाले भरेंगे
उपायुक्त डाॅ. चंद्रशेखर खरे अवैध निर्माण कराने वालों पर सख्त है। उन्होंने दाे टूक कहा कि निगम क्षेत्र में बिना अनुमति बने भवन/दुकान आदि निर्माण को अवैध माना जाएगा। निर्माण के लिए सक्षम अधिकारी से पूर्वानुमति व नक्शा पास कराना अनिवार्य है। यदि किसी बिल्डिंग को गिराने की कार्रवाई की जाती है तो निगम उनसे खर्चे का हर्जाना भी वसूलेगा।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
नियमानुसार नक्शा पास न कराने वालों के खिलाफ हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 235 व 256 व 261 व 263 व 263ए के तहत कार्रवाई की गई। यदि यह बिल्डिंग स्वामी नियमों के मुताबिक निर्माण नहीं कराते हैं तो अवैध बिल्डिंगों को गिराने से जुर्माने का प्रावधान है।
^एक भी अवैध निर्माण प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। अवैध निर्माण कराने वालों पर नियम संगत कड़ी कार्रवाई करेंगे।''
एमएस जगत, ईओ, नगर निगम
(फोटो- जाट कॉलेज के सामने सील की बिल्डिंग।)