अग्रोहा (हिसार)। 50 लाख रुपये की चौथ न मिलने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गांव काजला में डाकिए पवन कुमार गोयल को गोली मार दी। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने ऑपरेशन करके 55 वर्षीय पवन के पेट से गोली निकाल दी है, मगर उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने काजला गांव के ही सतीश और उसके दो साथियों पर हत्या के प्रयास और फिरौती मांगने के अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।
आरोपी सतीश, पवन के घर के पास ही रहता है। यह वहीं शख्स है जिसने घिराय के नामी पहलवान रणधीर सिंह के बेटे संदीप की हत्या करने के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी सौरभ सिंह मौके पर पहुंंचे। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। आरोपी सतीश के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एक दिन पहले ही ग्रामीण अग्रोहा पुलिस से मिले थे। ग्रामीणों ने पवन की जान को खतरा बताया था, फिर भी पुलिस ने ढील बरती। इस खुलासे के बाद एसपी ने अग्रोहा थाने के एएसआई इंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है।
पवन पर फायरिंग की घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। फिरौती देने की धमकी से परेशान पवन काजला धाम में धौक लगाने गए थे। जब वह मंदिर से बाहर निकले तो ढाणी में रहने वाला आनंद मिल गया। वे दोनों बाइक पर गांव पहुंचे। आनंद ने पुलिस को बताया कि जैसे ही बाइक रुका तो पहले से घात लगाए बैठे तीन युवक पहुंच गए। दो युवकों ने पवन को पकड़ लिया और तीसरे ने गोली चला दी।
पेट में गोली मारने के बाद हमलावर ने एक और फायर करने की कोशिश की तो उसने झपट्टा मारकर उसका हाथ ऊपर कर दिया। इससे दूसरा फायर खाली चला गया। धक्का मुक्की में हमलावर की पिस्तौल का बट उसके कान पर भी लगा। इसके बाद तीनों युवक बाइक पर सवार होकर भाग गए।
जेल से बाहर आते ही मांगी फिरौती
डाकिया पवन कुमार की घर में परचून की दुकान है। गांव में उनकी जमीन भी है। उनके चार बेटे हैं। तीन दिल्ली में काम करते हैं, जबकि सबसे छोटा अजय उनके साथ गांव में रहता है। पवन की पत्नी सुशीला देवी ने बताया कि पांच फरवरी को सतीश कुमार घर पर आया। उनसे 50 लाख रुपये की चौथ मांगी। फिर यह भी कहा कि अगर रुपयों का इंतजाम नहीं होता है तो दो एकड़ जमीन का नाम करवा दो।
सतीश ने धमकी दी कि अगर चाौथ की रकम नहीं मिली और पुलिस को कुछ भी बताया तो वह उनके परिवार को जान से मार देगा। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि करीब 6 महीने पहले भी सतीश ने उसके पति पवन से 50 लाख रुपये की चौथ मांगी थी। उस मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
दोबारा से फिरौती मांगने पर 7 फरवरी को अग्रोहा थाना पुलिस के अलावा पुलिस कप्तान से मिले थे। लिखित में शिकायत देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की, मगर पुलिस ने खानापूर्ति करके मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। महिला का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही वारदात हुई है।
आगे की स्लाइड में पढ़िए पूरी खबर...