पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सिंगल विंडो सिस्टम से मिलेगी पार्टियों और प्रत्याशियों को राहत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार। जिले में 11,52,457 मतदाताओं के निष्पक्षता से वोट डलवाने के लिए प्रशासनिक अफसरों ने कमर कस ली है। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डा.एमएल कौशिक ने मीडिया को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से रूबरू कराया। इस बार राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को राहत दिलाने के लिए इस बार सिंगल विंडो सिस्टम लागू होगा। एक ही स्थान पर सभी कामों की अनुमति मिलेगी। बाेले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र अर्द्ध सैनिक बलों की निगरानी में रहेंगे।
इसलिए 14 कंपनियों की मांग की है। यदि इनमें से आठ कंपनियां भी मिल जाएं तो चुनाव कराने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। वहीं, 15 अक्टूबर को 3126 ईवीएम से वोट पड़ेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि चुनाव कराने के सभी टीमों का गठन कर लिया गया है।

इस विधानसभा चुनाव के लिए लघु सचिवालय में सिंगल विंडो सिस्टम तैयार किया गया है। जिसके तहत चुनाव अभ्यार्थी वाहन प्रयोग, रैली, नुक्कड़ सभा, लाउड स्पीकर आदि की अनुमति संबंधित विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर से ले सकेंगे। जबकि लाइसेंसी हथियारों को इस बार सख्ती के साथ जमा कराया जाएगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव में 25 फीसद हथियारों के जमा न होने का हवाला देते हुए कहा कि इस बार ऐसी गलती नहीं की जाएगी। चुनाव के दौरान धन, शराब, अवैध हथियारों आदि के अवागमन पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। वहीं, निजी और सरकारी इमारतों पर प्रचार सामग्री लगी मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज होगा। 19 सितंबर तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम से वोट डालने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जोकि बाद में गांव-गांव और अन्य स्थानों जाकर मतदाताओं को भी ईवीएम से वोट डालने का प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त जयनारायण कौशिक, चुनाव तहसीलदार रामनिवास, डीपीआरओ अमित पंवार, एपीआरओ पारुल सिंह आदि मौजूद रहे।

गड़बड़ी पर फौरन दें टोल फ्री नंबर पर सूचना

चुनाव से संबंधित किसी की प्रकार की सूचना देने के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका टोल फ्री नंबर 1800-180-2014 पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना दी जा सकती है। वहीं, पेड न्यूज आदि के लिए एमसीएमसी कमेटी का गठन भी किया गया है।
जिले के कुल 1105 मतदान केंद्रों में 159 संवेदनशील, 119 अति संवेदनशील, 11 क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन हैं। ऐसे मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा के अलावा वीडियो ग्राफी, फोटोग्राफी, माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात होंगे। इसके अलावा प्रशासन ने 21 टीमों का गठन किया है। जिनमें उड़नदस्ता, स्टेटिक सर्विस लेंस टीम चुनाव की हर गतिविधि की निगरानी रखेंगी।
प्रचार सामग्री उतरवाने के लिए दिए कड़े निर्देश
आचार संहिता लगने के कारण जिला निर्वाचन अधिकारी डा. एमएल कौशिक ने विभागाध्यक्षों व अधिकारियों की साथ हुई बैठक में कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली वितरण निगम, नगर निकाय आदि विभाग के अफसरों से शुरू कराए गए और अटके हुए कार्यों की सूची मांगी है। इसके अलावा प्रचार सामग्री उतरवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। कार्यालयों में खराब पड़ी मशीनों को दुरुस्त कराने को कहा है। जबकि कोई भी विभागाध्यक्ष व कर्मचारी बिना बताए मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
अवकाश के दिन कार्यालयों में डाक रिसीव करने के लिए किसी एक लिपिक या फिर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को तैनात करेंगे। जबकि उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि सरकारी अधिकारी/कर्मचारी अपनी बीमारी का रुटीन में मेडिकल प्रमाण पत्र जारी न करें। जरूरत पड़ने पर ही इन्हें अपने यहां भर्ती करें।
(फोटो -जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त एमएल कौशिक बैठक को संबोधित करते हुए।)