पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Students Immersed In The Bath Of The Fourth Canal Was

पेटवाड़ नहर में दोस्त के साथ नहाने गया चौथी का छात्र डूबा, कोई सुराग नहीं लगा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हांसी. पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी में आठ साल का एक बच्चा सचिन नहाते समय बह गया। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने एक दोस्त के साथ नहर में नहाने के लिए उतरा था। बुधवार देर शाम तक उसकी तलाश की गई। नहर में पानी कम कराया गया। परिजन, लोग व पुलिस द्वारा बुलाए गए गोताखोर ने उसकी कई जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर रात को बच्चे को तलाशने का काम रोक दिया गया। गुरुवार सवेरे से फिर से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।

बच्चे सचिन के नहर में डूबने की घटना मंगलवार शाम को हुई। वह चौथी क्लास का छात्र है और अपने एक दोस्त के साथ पेटवाड़ में नहाने के लिए नहर पर गया। उसके बाद से उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की। सुराग न मिलने पर उसके दोस्त से पूछताछ की गई। देर रात को उसने बताया कि सचिन नहर में बह गया है। उससे मिली जानकारी के बाद बुधवार सवेरे से सचिन की तलाश का काम शुरू किया गया।

परिजनों और अन्य लोगों ने तलाशी अभियान सवेरे ही शुरू कर दिया। बच्चे की तलाश करते-करते सभी हांसी शहर तक पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शाम को एक गोताखोर को भी बुला लिया। देर शाम तक सभी ने बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने पर तलाशी अभियान को रोक दिया गया। सवेरे से बच्चे की फिर से तलाश की जाएगी। तलाशी अभियान के दौरान नहर में पानी का बहाव कम करने के लिए राजथल हेड से जलस्तर कम करवाया गया। शहर में बच्चे की तलाश में अन्य लोगों ने भी अपनी तरफ से प्रयास किए।

समय पर मदद नहीं मिली
सचिन की तलाश में हांसी तक पहुंचे लोगों में शामिल पेटवाड़ के संदीप ने कहा कि बच्चे की तलाश में उन्हें सरकारी स्तर से कोई मदद नहीं मिली। कई बार फोन करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तलाशी अभियान को देखती रही। पुलिस ने शाम चार बजे के बाद गोताखोर को बुलाया। आखिर में उन्होंने यह जवाब दिया कि चौबीस घंटे के बाद डूबने वाले का शव अपने आप ऊपर आ जाता है। प्रशासन की तरफ से कोई तलाशी अभियान में नहीं आया। नहर में डूबा सचिन पेटवाड़ के किसान अजीत सिंह का बेटा है। वह गांव के ही स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र है।