हिसार. पंचायत भवन के पास गुरुवार दोपहर छात्रों के बीच जमकर तलवारें, चाकू और लात घूंसे चले। दोनों गुटों के करीब छह युवक घायल हो गए। घायलों को उनके साथी ही अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों को भी सूचित किया। बाद में घायल अपनी मर्जी से चले गए। पुलिस को भी शिकायत नहीं दी गई। इस मामले को लेकर देर शाम समझौते का प्रयास शुरू हो गया था। देर रात तक पुलिस के पास शिकायत नहीं पहुंची थी। झगड़े की वजह दोस्त की गर्लफ्रेंड पर कमेंट करना बताया जा रहा है।
झगड़े में घायल जाट कॉलेज के छात्र अंकुश और दीपक का कहना है कि वे गुरुवार को स्टेडियम में परेड की रिहर्सल देखकर लौट रहे थे। इस दौरान कुछ युवकों ने पंचायत भवन के पास हमें रोक लिया और पीटना शुरू कर दिया। इधर, गवर्नमेंट कॉलेज के छात्र देवेंद्र और कुलदीप का कहना है कि हम सड़क से जा रहे थे। इस दौरान कुछ युवकों ने हमें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इससे हमें चोटें आई।
पुलिस का कहना है कि हमें झगड़े की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे तो युवक भाग चुके थे। अस्पताल पहुंचे तो पेशेंट यहां से लामा हो गए। दोनों पक्षों में से किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है।