सिरसा। लोकसभा चुनावों में अपनी हार की वजह भितरघात बताने वाले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा- अबकी बार चुनाव से पहले ही ऐसे लोगों का इलाज कर दूंगा। साथ ही टिकट बंटवारे में मची खींचतान के बीच उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस तीसरी बार सरकार बनाएगी। लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, फैसला पार्टी हाईकमान व विधायक ही करेंगे। कोई विशेष व्यक्ति नहीं। तंवर शनिवार को सिरसा में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी की 8-9 बैठक हो चुकी है। हजारों ने आवेदन किया है। टिकट के लिए कुछ नाम फाइनल हो चुके हैं।
टिकट वितरण पर हुड्डा से मतभेद के सवाल पर उन्होंने कहा, "सीएम को अपनी बात को रखने का हक है और मुझे अपनी। स्क्रीनिंग कमेटी और हाईकमान को फीडबैक देने का अधिकार सबको है। सीएम ने किसी को टिकट देने की घोषणा की है तो यह उनकी इच्छा है। मेरी भी कुछ इच्छाएं हैं। मगर अंतिम निर्णय स्क्रीनिंग कमेटी ही करेगी।' तंवर ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी में दो बार से ज्यादा चुनाव हारने वालों को टिकट न देने पर समीक्षा कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार युवाओं-महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा िटकट दिलाएंगे। पार्टी नए चेहरों को आगे आएगी। एक अन्य सवाल पर वे बोले- शारदा जैसे भूले-भटके कई और नेता हैं।
टिकट पर सवाल टाल गए सीएम
भाजपा को नीति के आधार पर नहीं मिलेंगे वोट: हुड्डा
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा की नीतियों की जमकर आलोचना की। शनिवार को गुड़गांव की एक सभा में हुड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी को महत्वकांक्षी बताया। कहा-"लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली शिकस्त और भाजपा को जीत के कारणों को उन्होंने खुद समीक्षा की थी। भाजपा केवल मोदी की झूठी हवा बनाकर वोटरों को बहकाने में कामयाब रही। भाजपा को नीतियों के आधार पर वोट नहीं मिला। जिन्होंने वोट दिया वे मायूस हैं।' हुडा ने भाजपा धनाड्यों की पार्टी बताया। बोले-मध्यम वर्गीय और किसानों को भाजपा की नीति से घाटा ही हुआ।
कार्यक्रम द्रोण रेहड़ी-पटरी फेरी कमेटी ने आयेजित किया था। हुडा ने बताया कि रेहड़ी-पटरी वालों को आपदा राहत के तौर पर 5-5 लाख रु मुआवजा िमलेगा। हालांकि मीडिया के सवालों से हुड्डा बचते नजर आए। कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा में देरी के सवाल का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना बोले-हाईकमान समय पर एलान कर देगा।
दावा > कांग्रेस लगाएगी हैट्रिक, सीएम का फैसला हाईकमान-विधायक करेंगे
सफाई > टिकट बंटवारे में हुड्डा को अपनी बात रखने का हक और मुझे अपनी
भरोसा > इस बार युवाओं और महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा टिकट दिलाएंगे
विरोध की राजनीति
> कांग्रेसियों का एक दल दिल्ली पहुंचा, प्रदेश प्रभारी शकील अहमद से मुलाकात की
> टिकट न देने की मांग, भाजपा से जुड़ी गतिविधियों के सबूत दिए
> पानीपत शहर से संभावित कांग्रेसी उम्मीदवार बुल्लेशाह और ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी ढांडा का भी विरोध शुरू
शाह से मिलना शारदा के लिए फांस
भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह से मिलना बल्लभगढ़ की विधायक और सीपीएस शारदा राठौर के गले की फांस बन गया। इसके खिलाफ जिले के कांग्रेसियों ने शनिवार को दिल्ली में प्रदेश प्रभारी शकील अहमद से मुलाकात की। उन्हें राठौर की भाजपा से जुड़ी गतिविधियों के सबूत पेश किए गए। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि शारदा राठौर को बल्लभगढ़ से टिकट न दी जाए। नहीं तो नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राठौर के भाजपा से संबंध को कांग्रेस का अपमान बताया। अहमद ने आश्वासन दिया कि वह उनकी मांग को पार्टी हाईकमान के समक्ष रखेंगे। उधर, पानीपत ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी महिपाल ढांडा का पार्टी के 4 पार्षदों ने विरोध कर दिया है जबकि पानीपत शहर से कांग्रेस के मजबूत दावेदार बुल्ले शाह का एक अन्य दावेदार हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड की निदेशक शशि लूथरा ने यह कहकर विरोध किया है कि कांग्रेस में परिवारवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।
(फोटो- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर का स्वागत करते पार्टी कार्यकर्ता।)