हिसार. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने अपने प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों के सराहनीय योगदान को मान्यता देने के लिए लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड की स्थापना की। कुलपति डॉ. केएस खोखर ने बताया कि यह अवॉर्ड उन फैकल्टी मेंबर को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने अपने क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ उपलब्धियां हासिल की हैं। जिन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान उच्च मूल्यों व नीतियों को अपनाते हुए कृषि या इससे संबंधित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने बताया इस अवॉर्ड में उन्हें स्मृति चिह्न, प्रशस्ति-पत्र तथा एक लाख रुपए की राशि प्रदान किए जाएंगे। डॉ. खोखर ने बताया कि यह अवार्ड दो वर्ष में एक बार दिया जाएगा। इस अवार्ड के लिए वे प्राध्यापक व वैज्ञानिक पात्र होंगे, जो अपने पूरे सेवाकाल में कम से कम 20 वर्ष इस विश्वविद्यालय में कार्य कर चुके होंगे और जिनकी आयु अवॉर्ड देने के दूसरे वर्ष 31 दिसंबर तक 60 वर्ष से अधिक होगी।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में बाहरी एजेंसियों से अनुसंधान ग्रांट प्राप्त करने वाले वैज्ञानिकों के लिए प्रोत्साहन योजना भी आरंभ की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 25 लाख रुपये या इससे कम राशि की अनुसंधान परियोजना प्राप्त करने वाले वैज्ञानिकों को प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। इसी प्रकार 25 लाख रुपये से 50 लाख रुपये राशि की परियोजना के लिए प्रशस्ति-पत्र व 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि जबकि 50 लाख रुपये से अधिक राशि की अनुसंधान ग्रांट प्राप्त करने के लिए प्रशस्ति- पत्र व 40 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।