हिसार। जिले में पेट्रोल पंपों पर लगातार बढ़ती वारदातों के विरोध में हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने मंगलवार रात से एक दिन के लिए जिलेभर के पेट्रोल पंप बंद रखने का आह्वान किया है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर लगातार होती वारदातों के विरोध में 17 सितंबर को जिलेभर के सभी पेट्रोल पंप बद रहेंगे। केवल एबुलेंस के लिए पेट्रोल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गोयल ने कहा कि यदि एक दिन बंद के बाद भी हरीराम व सुशील पर गोली चलाने के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो प्रदेशभर में पंपों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा।
ये फैसला एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों से सलाह मशविरे के बाद किया गया। जिलाप्रधान आनंद गोयल ने कहा कि बंद का प्रभाव मंगलवार रात 12 बजे से शुरू हो जाएगा। एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम रहा है।
पेट्रोल पंप पर लगातार होती वारदातों के कारण पेट्रोल पंप संचालकों में दहशत हो गई है। अस्पताल में हरीराम और
सुशील कुमार से मिलने पहुंचे शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों के मालिकों में पुलिस प्रशासन के रवैये को लेकर भारी रोष नजर आया। यहां पेट्रोल पंप मालिक आपस में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। सभी संचालक पुलिस प्रशासन के रवैये से नाखुश थे। हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि यदि बदमाशों के हौसले इसी तरह बुलंद रहे तो पेट्रोल पंप संचालकों को घर में ही बैठना पड़ेगा।
अस्पताल में पंप मालिकों का जमावड़ा
हरीराम के गोली लगने की सूचना मिलते ही जिंदल अस्पताल में विभिन्न पार्टियों के नेताओं और पेट्रोल पंप मालिकों जमावड़ा लग गया। इमरजेंसी वार्ड के सामने काफी भीड़ लग गई। मेयर शकुंतला राजलीवाला अस्पताल में अपने देवर हरीराम से मिलने पहुंची। इसी तरह भाजपा के हिसार विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता और इनेलो की शीला भ्याण सहित अन्य पार्टियों के नेता मौके पर पहुंचे। हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल और जिलाध्यक्ष आनंद गोयल व डाबड़ा चौक स्थित पेट्रोल पंप मालिक मनोज गर्ग भी पहुंचे।
एक घंटे तक अस्पताल के चक्कर लगाती रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे। करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में पुलिस अधिकारियों की आवाजाही रही। हरीराम और सुशील की हालत ज्यादा गंभीर होने पर पुलिस घायलों के बयान नहीं कर सकी। जिला इंस्पेक्टर विद्यानंद और संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने जायजा लिया।
भीड़ नियंत्रित करने में सिक्योरिटी को आए पसीने
वहीं अस्पताल में लगातार बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में अस्पताल सिक्योरिटी के पसीने छूट गए। घायलों से मिलने आए सभी शुभचिंतक हरीराम और सुशील से मिलने के लिए इमरजेंसी में जाने की कोशिश कर रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड ने सभी के साथ समझा इस कर भीड़ को नियंत्रित किया। अस्पताल की पार्किंग पूरी तरह से वाहनों से भर गई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस
अब पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी। हरीराम के बेटे सौरभ ने बताया कि सारा वाकया पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। मंगलवार को पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि धक्का मुक्की के बीच जब एक आरोपी के चेहरे से नकाब उतर गया था तो वह कैमरे की दूसरी दिशा में था। इसलिए उसका चेहरा दिखने की कम आशंका है। बता दें कि इससे पहले भी शहर में कई पेट्रोल पंपों पर वारदातें हो चुकी हैं लेकिन अारोपी बाज नहीं आ रहे हैं।
पेट्रोल पंप मालिकों की जिंदल अस्पताल के पार्क में मीटिंग
जिंदल अस्पाल के पार्क में शहर के सभी पेट्राेल पंपों के मालिकों ने मीटिंग की। इस दौरान फैसला लिया कि 16 तरीक की रात 12 बजे से लेकर 17 सितंबर की रात 12 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। केवल एंबुलेंस और फायरब्रिगेड को ही तेल दिया जाएगा।