हिसार. हरियाणा किसान मंच के क्रमिक अनशन के बावजूद मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो किसानों ने हक दो, खून लो के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। बाकायदा लघु सचिवालय के आगे लेटकर खून देने के लिए अड़ गए। इसके बाद यहां बात नहीं बनी तो किसान प्रदर्शन करते हुए रेडक्रॉस भवन पहुंच गए। वहां कई देर तक इसी बात पर अड़े रहे, लेकिन वहां भी कुछ नहीं हुआ तो बाद में वह सामान्य अस्पताल पहुंच गए।
किसान वहां पर ब्लड बैंक में कई देर तक डटे रहे। मांग करते रहे कि उनका खून ले लो। बाद में प्रशासन के कहने पर ब्लड बैंक कर्मचारियों ने 10 युवाओं का ब्लड संग्रहित कर लिया। सदस्यों ने मांग की कि इस खून को उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भेजा जाए।
किसानों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि सरकार धीरे धीरे खून चूसने के बजाय एक साथ इकट्ठा ही खून लेकर उनका हक दे। इससे पहले नौजवानों की जनजागरण अभियान यात्रा 50 गांवों से गुजरती हुई सोमवार सुबह क्रांतिमान पार्क में पहुंची और वहां से एक जुलूस के रूप में -खून लो, हक दो- की नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे।
युवाओं ने उपायुक्त से खून लेने का प्रबंध करने की बात कही। मगर प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद युवाओं रेडक्रास भवन पहुंच गए। युवाओं व किसानों ने पैदल मार्च करते हुए रेडक्रास की ओर रुख किया। पैदल मार्च का नेतृत्व हरियाणा किसान मंच के प्रदेश महासचिव रमेश बेनीवाल व जिला प्रधान प्रताप सिंह सहारण ने किया।