पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रेलवे एक्सईएन के सामने भिड़े पटेल नगर के लोग, बिना सर्वे के लौटी टीम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार। पटेल नगर स्थित रेलवे लाइन पर बनने वाले हिसार-सादलपुर आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) के सर्वे से पहले ही उठा विवाद झगड़े तक पहुंच गया। रविवार को उत्तर पश्चिम के अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे। इसी दौरान आरयूबी की मांग कर रहे दोनों धड़े आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों ने अपनी मांग के मुताबिक आरयूबी के सर्वे की मांग उठाई। विरोध बढ़ा तो मामला झगड़े तक पहुंच गया। इसलिए रेलवे के अधिकारी जिला उपायुक्त से पहले जगह का चिह्नांकन कराने की बात कहकर वापस लौट गए।
पटेल नगर में लंबे समय से आरयूबी निर्माण की मांग उठ रही है। आरयूबी के लिए जमीन का चिह्नांकन होते ही रेलवे को सर्वे का काम कराना है। रविवार को सुबह 10.30 बजे उत्तर पश्चिमी के एक्सईएन देवेंद्र कुमार जगह देखने आए। करीब 100 मीटर के दायरे में दोनों ही स्थानों को देखा। रेलवे के अधिकारियों के सामने दोनों ही गुटों ने तर्कों के साथ मजबूती से पक्ष रखा। जिससे अपने मुताबिक आरयूबी निर्माण की राह आसान की जा सकी।

रेलवे के अधिकारी कहते हैं कि करीब एक करोड़ 11 लाख रुपये का बजट से अंडर ब्रिज बनना है। राज्य सरकार बजट देने को राजी है, मगर कई सालों से स्थानीय लोगों के विरोध के कारण आरयूबी राह आसान नहीं है। चूंकि एक पक्ष आरयूबी नंबर 3/1-2 और 2/9-3/0 पर सर्वे की मांग उठा रहे हैं।
अपने-अपने तर्क
आरयूबी 3/1-2 का पक्ष
इस आरयूबी के निर्माण के लिए अर्से से मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए मामला सीएम तक पहुंचा। स्थानीय लोग कहते हैं कि सर्वे के लिए नगर निगम प्रशासन को रेलवे के लिए 2,35,500 रुपये जमा कराने थे। प्रशासन और निगम का रूख स्पष्ट नहीं हुअा तो मामला अटक गया। इस आरयूबी का रास्ता पटेल नगर होते हुए सेक्टर 16 व 17 तक जाता है।
आरयूबी 2/9-3/0 का पक्ष
इस आरयूबी का रास्ता रिफ्यूजी कैंप से सामने पड़ने वाली बंद गली और श्मशान घाट तक जाता है। जानकार कहते हैं कि यहां आरयूबी के लिए अभी सर्वे नहीं हो सका। इसलिए हाल ही में शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने 2,35,300 रुपये नगर निगम के कमिश्नर डाॅ.एमएल कौशिक को रुपये जमा करने को कहा था। सूत्र कहते हैं कि शासन के निर्देश के बाद सर्वेक्षण की रकम जमा हो चुकी है।
पटेल नगर के आरयूबी के लिए निरीक्षण करने आया था। आरयूबी की मांग कर रहे दो पक्ष मौके पर आ गए। दोनों ही पक्ष अपने हिसाब से आरयूबी के निर्माण की मांग उठाने लगे, इनमें से कोई झुकने को तैयार नहीं था। इसलिए मैंने आरयूबी की मांग करने वालो दोनों पक्षों से कह दिया है कि पहले जिला उपायुक्त से जगह का चिह्नांकन करा लें और मुझे प्रस्ताव उनके माध्यम से भिजवा दें।
देवेंद्र कुमार, एक्सईएन, उत्तर-पश्चिमी रेलवे, बीकानेर मंडल।