पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहिसार. चोरों ने मंगलवार रात पुलिस की नींद उड़ा दी। इसकी वजह दिन दहाड़े चोरी की वारदात है। इस बार चोरी आम आदमी के घर नहीं, बल्कि डाबड़ा गैंगरेप केस का फैसला सुनाने वाली एडीजे मधु खन्ना लाली के घर हुई है।
चोरी दोपहर ढाई से साढ़े छह बजे के बीच हुई। चोरों का पांच सदस्यीय गैंग पकड़ कर कुछ दिनों के लिए निश्चिंत हुई पुलिस के लिए यह बड़ा झटका लग रहा है। संभावना है कि चोर यहां से मोटा माल उड़ा ले गए। हालांकि अभी खर्च का आंकलन नहीं हुआ है। राजगढ़ रोड पर कमिश्नर हाउस के पास जज के सरकारी आवास में यह चोरी हुई। दिन दहाड़े हुई चोरी की इस वारदात से हर कोई हैरान है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक बी. सतीश बालन, एएसपी मनीषा चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ढाई से साढे छह बजे के बीच हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, मकान का केयर टेकर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे मकान पर आया था। इस दौरान ताला लगा हुआ था। शाम करीब साढ़े छह बजे वह दोबारा आया। जब वह बत्ती जलाने अंदर गया तो ताला टूटा मिला।
इसके बाद वह मकान में जाने के बजाय एडिशनल सेशन जज वीपी गुप्ता की कोठी पर गया। यहां उनकी पत्नी को घटना के बारे में बताया। फिर सभी जज एकत्र हुए और मैडम की कोठी पहुंचे। पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद खुद एसपी बी. सतीश बालन, डीएसपी विनोद चालिया, एएसपी मनीषा चौधरी, आजाद नगर चौकी प्रभारी जयभगवान शर्मा के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की पड़ताल की।
पांच महीने पहले ही हुई हिसार में पोस्टिंग
नौ से 25 मई तक एडिशनल सेशन जज मधु खन्ना लाली अवकाश पर हैं। वे ग्रीष्मकालीन छुट्टियां मनाने चंडीगढ़ गए हुए हैं। घर में कोई नहीं था। मैडम चार पांच महीने पहले ही हिसार आई हैं।
जानकारी पाते ही पूछा कहां है मेरा लैपटॉप
एडीजे को जब चोरी की घटना का पता लगा तो उन्होंने फोन पर सबसे पहले अपने लैपटॉप के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि मेरा लैपटॉप कहां है। उसमें मेरा सारा सरकारी रिकॉर्ड है। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि लैपटॉप कहां है।
मेन गेट व 4 अलमारियों के ताले तोड़े
एडीजे के मकान पर चोरों ने पांच ताले चटकाए। इनमें से एक मुख्य दरवाजे का और चार अलमारी के ताले हैं। दो ताले नीचे और दो ऊपर के कमरे में तोड़े गए। मौके से दो प्लास और एक पेचकस मिला है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.